- हत्यारोपियों को गिरफ्तार पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: करीब पांच माह पूर्व थाना रमाला क्षेत्र के गांव ककड़ीपुर में नहर की पटरी पर हुई रोकी हत्याकांड़ का पुलिस ने खुलास कर दिया है। महिला मित्र को लेकर चल रहे विवाद के चलते दो लोगों ने दांव से गर्दन काट कर उसकी हत्या की गई थी और शव को ककड़ीपुर में नहर की पटरी पर डाल दिया था। उसकी पहचान करीब तीन माह बाद मृतक की मां ने फोटो देखकर की थी। पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि 19 सितम्बर 2020 का थाना रमाला क्षेत्र में गांव ककड़ीपुर में नहर की पटरी पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था। शिनाख्त न होने के कारण गत 23 सितम्बर 2020 को पुलिस ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया था।
एसपी ने बताया कि गत 24 दिसम्बर 2020 को युवक की मां कमलेश निवासी खेड़ा हटाना ने मृतक की पहचान अपने पुत्र प्रशांत उर्फ रोकी के रूप में की थी। इसके बाद महिला की तहरीर के आधार पर थाना रमाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस जांच इस हत्याकांड में अनित उर्फ भीम निवासी रमाला तथा नितिन निवासी बाछौड़ का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने शुक्रवार को दोनोंआरोपियों को रमाला गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि एक महिला मित्र को लेकर नितिन व रोकी के बीच विवाद चल रहा था। गत 19 सितम्बर को रोकी अपने मामा के गांव किनौनी बरवाला से अपनी बहन की ससुराल किरठल जा रहा था। उसी समय रमाला गेट पर उसे अमित मिला और उसने कहा कि नितिन उससे समझौता कराना चाहता है और वह उसे अपने साथ लेकर नितिन के पास नहर की पटरी पहुंचा।
जहां दोनोे के बीच हाथ मिल गए। इसके बाद उन्होंनें बैठकर शराब पीनी शुरू कर दी। शराब के नशे में दोनों के बीच पुरानी महिला मित्र को लेकर फिर विवाद हो गया। इस बीच नितिन ने बाइक में रखा दांव निकालकर रोकी के ऊपर कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह बाइक पर रखकर शव को गांव ककड़ीपुर के जंगल में नहर की पटरी पर फेंक कर फरार हो गए थे। पुलिस हत्यारोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दांव व बाइक भी बरामद कर ली है।

