जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) को और अधिक डिजिटल एवं आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब पात्र नागरिक WhatsApp के जरिए भी अपना आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। इसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। सरकार ने ‘आयुष्मान सारथी’ नाम का एक विशेष WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से 24 घंटे कई सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
क्या है ‘आयुष्मान सारथी’ चैटबॉट?
‘आयुष्मान सारथी’ चैटबॉट को नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) ने विकसित किया है। यह API आधारित डिजिटल इंटीग्रेशन के जरिए WhatsApp पर सुरक्षित और रियल-टाइम सेवाएं उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी कई सुविधाओं का आसानी से उपयोग कर सकते हैं।
WhatsApp से ऐसे बनाएं आयुष्मान कार्ड
पहला चरण
- अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें।
- +91 72908 23838 नंबर को सेव करें या सीधे WhatsApp पर सर्च करें।
- इस नंबर पर Hi लिखकर संदेश भेजें।
- इसके बाद चैटबॉट आपके सामने विभिन्न विकल्प दिखाएगा।
दूसरा चरण
- Create Ayushman Card विकल्प चुनें।
- अपना मोबाइल नंबर, आधार नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करें।
- OTP के माध्यम से मोबाइल नंबर सत्यापित करें।
- इसके बाद e-KYC प्रक्रिया पूरी करें।
- सत्यापन पूरा होने के बाद आपका आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाएगा, जिसे आप तुरंत डाउनलोड भी कर सकते हैं।
WhatsApp पर मिलेंगी ये सुविधाएं
‘आयुष्मान सारथी’ चैटबॉट के जरिए लाभार्थी कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जिनमें शामिल हैं—
- आयुष्मान कार्ड के लिए पात्रता की जांच।
- नया आयुष्मान कार्ड बनवाना और डाउनलोड करना।
- e-KYC और आधार लिंकिंग की सुविधा।
- PM-JAY कार्ड को लॉक या अनलॉक करना।
- 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड से जुड़ी सेवाएं।
- योजना से जुड़े पंजीकृत अस्पतालों की जानकारी प्राप्त करना।
- आयुष्मान योजना से संबंधित शिकायत दर्ज कराना।
क्या है आयुष्मान भारत योजना?
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना है। इसके तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाता है, जिससे सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज कराया जा सकता है।
अब WhatsApp के जरिए यह पूरी प्रक्रिया और भी आसान हो गई है, जिससे पात्र लाभार्थी घर बैठे ही अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।

