शासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की किताबों में अब चौरी चौरा कांड के शहीदों की वीरगाथाओं को शामिल किया जाएगा।
शासन की ओर से दिए गए निर्देश के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग चौरी चौरा की घटना को यूपी बोर्ड के पाठयक्रम में शामिल करने की तैयारी में लग गया है। शासन ने चौरी चौरा जनआक्रोश को शताब्दी समारोह के रूप में मनाए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
छात्रों के बीच होंगी प्रतियोगिताएं
चौरी चौरा शताब्दी समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों में चार फरवरी 2021 से आगामी एक साल तक छात्र-छात्राओं के बीच निबंध, चित्रकला व पोस्टर, क्विज, स्लोगन, कविता लेखन व भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
इसके लिए पहले विद्यालय स्तर से शुरुआत होगी। फिर यह क्रम राज्य स्तर तक जारी रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश कुमार ने बताया कि शासन की ओर से प्रतियोगिता कराने के आदेश दे दिए गए, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

