जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मोहकमपुर स्थित आईआईए सभागार में जब नगर निगम के अफसर आईआईए के पदाधिकारियों व उद्यमियों से रूबरू हुए तो अफसरों को शिकातयों का पुलिंदा थमा दिया गया। आईआईए ने दो टूक कहा कि निगम प्रशासन मोहकमपुर को लेकर अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं। पूर्व में भी कई बार यहां की समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिए गए, लेकिन अफसरों की नींद नहीं टूटी।
गुरुवार सुबह 11 बजे का समय अफसरों के आने के लिए मुर्रर था, लेकिन हजूर ने आते आते दोपहर के एक बजा दिए। कुछ उद्यमी तो इंतजार करते करते इतना थक गए कि वो लौट गए। मोहकपुर स्थित आईआईए के सभागार में निगम के जो अफसर मौजूद रहे उनमें नगरायुक्त डा. अरविंद चौरासिया, चीफ इंजीनियर यशवंत कुमार, अधिशासी अभियंता मीना सिंह, जेई राजेन्द्र सिंह आदि शामिल हैं।
आईआईए के चेयरमैन अनुराग अग्रवाल व सेक्रेटरी अंकित सिंहल ने निगम अफसरों को उद्योग पुरम, मोहकपुरम औद्योगिक क्षेत्र फेज प्रथम, मोहकमपुर स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स, सांईपुरम औद्योगिक क्षेत्र, कुण्डा औद्योगिक क्षेत्र, मोहकपुर फेज-1 व दिल्ली रोड की समस्याओं से रूबरू कराया। अधिकारियों को बताया कि पानी की निकासी न होने की वजह से आईआईए भवन के सामने पूरे साल पानी भरा रहता है।
समस्याओं को सुनने के बाद नगरायुक्त ने माना कि औद्योगिक क्षेत्र में समस्याएं वाकई गंभीर हैं। उन्होंने सभी सड़कों एवं नालों का एटिमेंट लेने के लिए अपने अधिनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए। हालांकि किसी भी समस्या के कितने दिन में दूर होने के सवाल का कोई ठोस आश्वासन नहीं दे सके।
ये रहे मौजूद
आईआईए सभागार में बुलायी गयी सभा का संचालन अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने किया। इनके अलावा तुनज गुप्ता उपाध्यक्ष, राजीव अग्रवाल कोषाध्यक्ष, राजीव सिंहल, सुमनेश अग्रवाल, विपिन कुमार आदि भी मौजूद रहे। अन्य प्रतिनिधियों में आईआईए के अलावा पेमा, सरस्वती इंडस्ट्रीज एसोसिएशन आदि के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

