- स्टोन क्रशर में घुसा, अभिवहन पास मांगने पर टीम से अभद्र व्यवहार किया
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नजीबाबाद-हरिद्वार रोड पर वन क्षेत्र की आरबीएम से भरे डंपर को प्रवर्तन टीम के द्वारा रोकने पर डम्पर चालक मौके से फरार हो गया और वहीं भागू वाला एक स्टोन क्रशर में घुस गया जहां टीम ने जब उससे अभिवहन दस्तावेज तलब किये तो उनसे अभद्र व्यवहार किया। मामले की मंडावली थाने में वन विभाग ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की है।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर भागू वाला में डम्पर संख्या UK 16CA 0395 को वन कैंप कार्यालय भागूवाला में निरीक्षण के लिए प्रवर्तन दल ने रोकने का प्रयास किया गया, जिसमें वन उपज आरबीएम लदा था। चालक ने डंपर को तेज गति से ले जाकर ताज स्टोन क्रेशर में प्रवेश करा दिया।
पीछा करते हुए प्रवर्तन टीम द्वारा डम्पर चालक से स्टोन क्रशर में अभिवहन पास मांगा। आरोप है वहां प्रवर्तन टीम के साथ अभद्रता की गई तथा लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों ने टीम को घेर कर उनसे अभद्रता करते हुए गाड़ी को भागने में मदद की और डम्पर को वन कर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया।
टीम ने रियासत, अब्बास आदि 10 अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मंडावली थाना में प्राथमिकी दर्ज करने को तहरीर दी है। प्रवर्तन टीम में कृष्ण कुमार मिश्रा क्षेत्रीय वन अधिकारी, पुष्पेंद्र सिंह उप क्षेत्रीय वन अधिकारी, राजेश शर्मा वन दरोगा, राम चरण सिंह शामिल रहे।

