जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना गंगोह पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत एक लाख चार हजार रुपये बताई गई है।थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार ने बताया कि नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस टीम चेकिंग एवं गश्त पर थी। इस दौरान कस्बा गंगोह से तीतरो रोड स्थित निर्माणाधीन करनाल हाईवे के अंडरपास के पास से सदाकत पुत्र रियासत निवासी ग्राम बालू, थाना तीतरो को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 52 ग्राम अवैध स्मैक तथा घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े उसके फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

