- पांच महीने की खामोशी के बाद कोरोना संक्रमण पकड़ रहा तेज रफ्तार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है और आंकड़े इस बात के गवाह है कि अगर लोगों ने सतर्कता नहीं बरती तो गत वर्ष की तरह इस बार भी लोगों को दुर्दिन झेलने पड़ सकते हैं। 15 मार्च से कोरोना ने लोगों की नींद उड़ा दी है और स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े भयावता की ओर इशारे कर रहे है। हालात यह है कि लोग सार्वजनिक स्थानों पर न तो मास्क में दिख रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।
कोरोना वायरस जनवरी से लेकर 15 मार्च तक सामान्य तरीके से जिंदगी गुजार रहा था। ऐसे भी कई दिन लगातार आए जब संक्रमित मिले ही नहीं। तब ऐसा लगा कि कोरोना अलविदा हो गया है, लेकिन 15 मार्च से कोरोना ने फिर से पैर पसारने शुरु कर दिये।
15 मार्च तक मेरठ में 21378 संक्रमित मेरठ में मिल चुके थे, लेकिन तीन अप्रैल तक संक्रमितों की संख्या 22,000 का आंकड़ा पार कर चुकी है। कोरोना ने गत वर्ष जमकर कहर बरपाया और 409 लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया था। कोरोना की लगातार बढ़ रही संख्या ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है और कोविड की वैक्सीन लगाने पर जोर दिया जा रहा है।
जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर इंजेक्शन लगाये जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि पूरे देश में कोरोना संक्रमण तूफानी गति से बढ़ रहा है और लोग इसके प्रति जागरूक तक नहीं हो रहे है। बाजारों में उमड़ती भीड़ और लोगों का मास्क पहन कर न निकलना इस बात का संकेत दे रहा है कि अगर संक्रमण पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले समय में सरकार कोई ठोस कदम उठा सकती है और लोगों को एक बार फिर से दुर्दिन देखने पड़ सकते हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और एसएसपी को सख्त निर्देश दिये हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाकर न निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिस तरह से मेरठ में चार दिनों में 248 लोग संक्रमित मिले हैं उससे भविष्य में सख्ती होना तय मानी जा रही है।
कोरोना के मामले 22,000 के पार
जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 22,000 के पार पहुंच गयी है। शनिवार को संक्रमण के 58 नए केस मिले हैं। कोरोना अपडेट जारी करते हुए सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि 5660 सैंपल टेस्ट के लिए मेडिकल की माइक्रोबॉयलोजी लैब भेजे गए, इनमें से 58 सैंपल संक्रमित पाए गए हैं। जो संक्रमित मिले हैं उन्हें कोविड-19 आइसोलेशन व कुछ को होम क्वारंटाइन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग अब तक कुल 1044222 सैंपल जांच के लिए भेज चुका है। स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीमें लगातार संक्रमितों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में लगी हैं। संक्रमितों में बड़ी संख्या कामकाजी घरेलू महिलाओं, शिक्षक, छात्र, कैदी, मजदूर, किसान, कारोबारी आदि की भी है।
ऐसे केसों की है जो किसी पूर्व संक्रमित की चेन से नहीं जुडेÞ करीब 40 ऐसे केस हैं जो नए हैं। नए केसों का मिलना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी गंभीर मानकर चल रहे हैं। इसके अलावा एक बार फिर से एक ही परिवारों में एक से ज्यादा केसों का मिलना भी शुरू हो गया है।
कई परिवारों में संक्रमण की चेन बननी शुरू हो गयी है। शनिवार को जिन इलाकों में संक्रमण के केस मिले हैं। उनमें दिल्ली रोड केसरगंज, सदर थापर नगर एक परिवार में दो केस, सदर आबूलेन चौक फुव्वारा, वेस्ट एंड रोड दो केस एक ही परिवार में, शास्त्रीनगर के ब्लॉक एक साथ दो केस, चंद्रकला एन्क्लेव, गांव नेक, कंकरखेड़ा शिवलोकपुरी, मेहंदी मोहल्ला, वैष्णोधाम, रुड़की रोड यशोदा कुंज, महावीरजी नगर, रेलवे रोड मकबरा डिग्गी, प्रेमपुरी, कंकरखेड़ा बाइपास ईरा ईएसपीएन गार्डन, रोहटा रोड तेज विहार, गढ़ रोड सम्राट पैलेस, फूलबाग कालोनी, औरंगाबाद, मोदीपुरम, अंसल टाउन में दो, ग्रांड लैंड पार्क दो, न्यू मोहनपुरी, विजय नगर, 70 एनसीसी बटालियन, कृष्णा नगर, कैलाशपुरी दो केस, शास्त्रीनगर, टीपीनगर मुलतान नगर, पांचली सरूरपुर, आरके पुरम दिल्ली रोड, कोतवाली भाटवाड़ा भी शामिल हैं।
सरधना में दो लोग निकले कोरोना पॉजिटिव
बढ़ते कोरोना केस फिर से चिंता बढ़ाने लगे हैं। शनिवार को सरधना में दो लोग कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। इनमें से एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति दिल्ली की सैर कर रहा है। कोरोना महामारी फिर से बढ़ती जा रही है। कोरोना केस लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ने लगी है। बढ़ते केस को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच का स्तर भी बढ़ा दिया है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 111 लोगों की जांच कराई गई। अच्छी बात यह रही कि सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। मगर सरधना के धर्मपुरा से दिल्ली गए एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रेलवे स्टेशन पर उसकी कोरोना जांच की गई थी। यानी कोरोना संक्रमित व्यक्ति खुला घूम रहा है। दिल्ली और मेरठ की सैर कर रहा है। यह कितने लोगों को संक्रमित करेगा, कुछ कहा नहीं जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग उसके आने का इंतजार कर रहा है। इसके अलावा तहसील रोड पर एक एमआर भी पॉजिटिव मिला है। इस तरह दो केस सामने आए हैं। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि धर्मपुरा का एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। जो दिल्ली गया हुआ है। उसके आते ही आइसोलेट कर दिया जाएगा। आज कुल दो केस सामने आए हैं।

