- शासन ने ग्राम पंचायत के विकास को आठ लाख किए जारी
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पिछले पांच वर्ष के भीतर मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजनांतर्गत ग्राम पंचायत नोजल-नोजली ने थानाभवन ब्लाक में नंबर वन स्थान प्राप्त किया है। ग्राम पंचायत के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए शासन ने गांव के विकास के लिए आठ लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि जारी की है।
सरकार ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजनांतर्गत नवबंर 2020 में ग्राम पंचायतों से आवेदन मांगे थे। दिसंबर में लखनऊ से आई टीम ने सभी व्यवस्थाओं को परखा था। नोजल-नोजली के निवर्तमान ग्राम प्रधान ठाकुर अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि टीम की रिपोर्ट पर ग्राम पंचायत नोजल-नोजली का चयन हुआ है।
यह उनके साथ-साथ समस्त ग्रामीणों के लिए बड़े गौरव की बात है। योजना के तहत शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। जिसमें उनको सम्पूर्ण गांव का प्रतिनिधित्व करने का शुभ अवसर प्राप्त होगा।
बता दें, गत वर्ष लखनऊ से आई टीम ने थानाभवन ब्लॉक की नोजल-नोजली और बाबरी ग्राम पंचायतों के अलावा शामली ब्लॉक की खानपुर ग्राम पंचायत का सर्वे किया था। विकास कार्यों के आधार पर किए गए सर्वे में नोजल-नोजली ने सर्वाधिक 8 अंक प्राप्त किए थे जबकि बाबरी एक अंक से पिछड़कर 7 और खानपुर 4 अंक प्राप्त कर सकी थी।

