- अपने आप में बड़ा इतिहास समेटे है यह मंडप
- अब नौचंदी के समय ली जायेगी इसकी सुध
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी मैदान अपने आप में ऐतिहासिक मैदान है। यहां मां नवचंड़ी का मंदिर है तो यहीं पर बाले मियां की मजार भी मौजूद है। हर साल लगने वाले नौचंदी मेले का यहां अपने आप में ही बड़ा महत्व है। इस बार नौचंदी मेला लगने की पूरी संभावनाएं हैं। जिला पंचायत की ओर से इसे लेकर तैयारी भी की जा रही है, लेकिन यहां मैदान में स्थित पटेल मंडप की बात की जाये तो इसकी हालत बद से बदतर हो चुकी है। यहां चोरों और असामाजिक तत्वों ने इसे गेट और खिड़कियां तक उखाड़ लिये हैं। इसकी दुर्दशा को देखकर ऐसा लगता है कि किसी को इसकी देखभाल की नहीं पड़ी है।
एक तरफ जिला प्रशासन और जिला पंचायत नौचंदी मेला लगाने की तैयारी में जोर-शोर से जुटा है। वहीं, दूसरी ओर पटेल मंडप से शटर, लोहे के दरवाजे और कई खिड़कियां चोर उखाड़ ले गए। लाखों रुपये का सामान तो पार हो ही गया। दीवार भी तोड़ गए, लेकिन सरकारी संपत्ति चोरी होने के मामले में अफसरों ने प्राथमिकी तक दर्ज नहीं कराई है।
जबकि मेले की तैयारी में नोडल अफसर भी बनाये गए हैं। पटेल मंडप में कई दुकानों के शटर तक गायब हो चुके हैं। यहां मंडप के मंच के पीछे वाले हिस्से में तीन लोहे के दरवाजे लगे थे। दीवार तोड़कर यह दरवाजे भी पार कर दिए गए हैं। जबकि मंडप के रोशनदानों में लगी लगभग 20 लोहे की जालियां भी गायब है।
मंडप के अंदर बने शौचालय को भी तोड़ दिया गया है। कई बार यहां चौकीदार रखने की तक की बात की जाती रही है, लेकिन किसी को यहां तैनात तक नहीं किया गया। पटेल मंडप की हालत को देखकर ऐसा लगता है कि यहां कभी कोई कार्यक्रम शायद हुए ही न हों।
एक से एक बड़ा कलाकार यहां आ चुका
नौचंदी मेला ऐतिहासिक मेला है इस मेले में पटेल मंडप में हमेशा मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होता है। पटेल मंडप में समाजसेवी संस्थाएं व अन्य कंपनियों व प्रशासन की ओर से कार्यक्रम कराये जाते हैं। टीवी सीरियल की तमाम कलाकार, 90 के दशक की बड़ी बड़ी एक्ट्रेस, डायरेक्टर, बड़े शायर, कवि, गायक तक यहां पटेल मंडप में अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
उन्हें देखने के लिये यहां भीड़ उमड़ती रही है। पटेल मंडप इन सभी कार्यक्रमों का गवाह है, लेकिन इसका ध्यान जिला प्रशासन को केवल मेले के समय ही आता है। उसके बाद मंडप के हालात खराब हो जाते हैं। यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।
खिड़की, जालियां तक हो गये चोरी
यहां पटेल मंडप की वर्तमान हालत की बात करें तो यहां मंडप की खिड़कियां दरवाजे तक असामाजिक तत्व उखाड़कर ले गये, लेकिन यहां पुलिस की ओर से भी कुछ नहीं किया जाता है। अब मेला नौचंदी शुरू होने वाला है। जल्द ही इसे लेकर यहां व्यवस्था बनाई जायेगी। जिला प्रशासन भी अब पटेल मंडप पर ध्यान देगा, लेकिन इससे पूर्व यहां कोई ध्यान नहीं दिया गया।

