- अभिभावक वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में लाम बन्द हुए अभिभावक
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: निजी स्कूलों की मनमानी के विरोध मेंअभिभावक वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान मेंअभिभावकों ने पैदल मार्च निकाला और एसडीएम व विधायक को ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों का आरोप है कि निजी स्कूल मनमानी करते हुए अनावश्यक फीस का दबाव बना रहे हैं और फीस जमा न करने पर बच्चों को वार्षिक परीक्षा में नहीं बैठाए जाने की धमकी दे रहे हैं।
रविवार को अभिभावक वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में अभिवावकों ने पैदल शांति मार्च निकाला। मार्च रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर कृष्णा टॉकीज चौराहा, जगन्नाथ का चौराहा, कल्लू गंज, चौक बाजार, भारत टॉकीज मार्ग से होते हुए एसडीएम कंपाउंड में पहुंचा।

अभिभावकों ने अपने हाथों में उठाया है बीड़ा
फीस दे रही सबको पीड़ा, एक, दो, तीन, चार नही सहेंगे स्कूलो का अत्याचार, फीस माफी ज़रूरी है,
कोरोना से बदहाल कारोबार हमारी मजबूरी है, शिक्षा हमारा अधिकार है,
स्कूलों की मनमानी नहीं स्वीकार है, मजबूर अभिवावक, मजबूत इरादा
बच्चो को पढ़ाना करते हैं वादा, एक सोच एक विचार, फीस देने में हम लाचार आदि स्लोगन की तख्तियां हाथ में ले रखी थी।
इसके बाद अभिभावकों ने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन विधायक तस्लीम अहमद व एसडीम को सौंपा। जिसमें निजी स्कूलों की मनमानी रोकने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है तहसील नजीबाबाद क्षेत्र के अंतर्गत निजी स्कूलो द्वारा अभिभावको का लगातार शोषण किया जा रहा है।
निजी स्कूल जबरन एक मुश्त फीस वसूलने के लिये लगातार विद्यार्थियों व अभिभावक पर दबाव बना रहे है। फीस जमा नहीं करने की स्थिति में परीक्षा से वचिंत करने तथा परीक्षा का रिजल्ट नहीं दिखाने की धमकी दे रहे। शहर नजीबाबाद के कुछ निजी स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य फीस जमा नहीं करने की स्थिति में नाम काटने की धमकी दे रहे हैं।
अपने बच्चों के भविष्य की खातिर अभिभावक ब्याज पर धन उधार लेकर स्कूल की फीस जमा करने को विवश हैं। ज्ञापन में मांग की गयी है कि गरीब , लाचार, कोरोना के कारण बेरोजगारी से परेशान अभिभावकों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुएं अपने विधान सभाक्षेत्र में अंतर्गत आने वाले निजी स्कूल प्रबन्धन से वार्ता कर कम से कम पचास प्रतिशत फीस माफी कराने का प्रयास करें जिससे आपके विधानसभा क्षेत्र से पीडित व्यक्तियों को मदद मिल सके।
यही ज्ञापन एसडीएम बृजेश कुमार को भी दिया है। ज्ञापन देने वालों में पंकज विश्नोई एडवोकेट, श्रवण राजपूत, मयंक अग्रवाल, सचिन सिंघल, आफताब आलम, मनीष जैन, हरिशंकर प्रजापति, मोहसिन, सरिता कश्यप, उषा देवी, कुलदीप कृष्णा शर्मा आदि शामिल रहे।

