- भीषण जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे ट्रैफिककर्मी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वैसे ही अब शहर में जगह-जगह जाम से लोग जूझ रहे है। हालात ऐसे है कि जाम में फंसे लोगों को गर्मी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे ही हालात मंगलवार को कॉपरेटिव बैंक चौराहे पर देखने को मिला। जहां दिनभर लोग जाम से जूझते रहे और ट्रैफिक पुलिस जाम को खुलवाने के लिए मशक्कत करती है। हालांकि हालात सामान्य करने में ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी पूरा दिन पसीना-पसीना ही रहे।
शहर में जाम लगना आम हो गया है, लेकिन जब तपती गर्मी में जाम लग जाए तो वाहन चालक के हालात खराब हो जाते है। यही नहीं जाम में फंसे वाहनों को सुचारू कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ती है। शहर में जाम का मुख्य कारण रैपिड रेल लाइन का चल रहे कार्य को भी माना जा रहा है। फिलहाल रैपिड रेल लाइन बिछाने का कार्य जीरो माइल से बेगमपुल तक चल रहा है।
जिस कारण दिल्ली रोड से आने वाले भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया हुआ है। वहीं वनवे होने के चलते पीएल शर्मा रोड, बाउंड्री रोड व कचहरी नाले की ओर वाहनों की संख्या अधिक हो गई। जिस कारण कॉपरेटिव बैंक चौराहे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
सुबह व शाम के समय तो हालात ऐसे बन जाते है कि लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल होता है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस भी इस चौराहे पर दिनभर तैनात रहती है, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक बढ़ने के कारण उन्हें यातायात व्यवस्था बनाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।

