- पुलिस ने ठेली कब्जे में ली, बाद में बाजार में न लगाने की चेतावनी देकर छोड़ा
जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: कोतवाली चौकी पुलिस ने रविवार को नगर में लगने वाले सभी ठेलियों को कब्जे में ले लिया। कब्जे में लेकर उन्हें भविष्य में बाजार में ठेली ना लगाने की चेतावनी देकर छोड़ दिया, ताकि बाजार में जाम की समस्या पैदा न हो सकें।
नगर के बाजार में आए दिन जाम लग जाता है। बाजार में लगने वाली ठेली जाम का मुख्य कारण है। जिसको लेकर बाजार के दुकानदारों द्वारा भी कई बार विरोध किया गया था। बाजार को जाम मुक्त करने के लिए प्रशासन द्वारा बाजार के मार्गों पर ठेली लगाने वालों को वहां से अलग स्थान पर खड़ा होने के निर्देश दिए थे।
इसके साथ ही बाजार में विभिन्न स्थानों पर बोर्ड भी लगवाए गए कि कोई बाजार में दिन में भारी वाहन व ठेली लेकर खड़ा ना हो, लेकिन प्रशासन के निर्देश की अनदेखी कर ठेली लगाने वाले बाजार में ही ठेली खड़ी करके सब्जियां बेच रहे थे। जिसको लेकर बाजार चौकी पुलिस ने रविवार को ठेलियों को अपने कब्जे में ले लिया।
चौकी पुलिस के इस अभियान से ठेली वालो में हड़कंप मच गया। जिसके बाद ठेली लगाने वालों ने चौकी में पहुंचकर पुलिस के सामने गुहार लगाई। पुलिस ने उन्हें भविष्य में बाजार में ठेली ना खड़ी करने की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। चौकी इंचार्ज वृक्षपाल सिंह का कहना है कि ठेली वालों को बार-बार चेतावनी देने के बाद भी वह नहीं मान रहे थे। जिसको लेकर अभियान चलाया गया, लेकिन बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

