जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: सगे भाई का क़त्ल करने वाले आरोपी मोनू को पकड़ना हुआ स्थानीय पुलिस के लिए मुश्किल ही नहीं नामुमकिन हो गया है। पुलिस को उसका सुराग नहीं मिल पा रहा है।
गौरतलब है कि अमरोली उर्फ बड़ागांव में गत 3 अक्टूबर को मामूली कहासुनी के चलते बड़े भाई ने सगे छोटे भाई की गर्दन काट कर उसे मौत की नींद सुला दिया था। घटना के संबंध में थाने पर मृतक मोंटू की पत्नी द्वारा अपने जेठ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हत्यारोपी मोनू को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेर लिया था, लेकिन वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार होने में कामयाब हो गया था। उसके बाद आज तक पुलिस उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई। दरअसल आरोपी मोनू अविवाहित होने के साथ नशे का भी आदी है। उसका संपर्क घर परिवार तथा रिश्तेदारों के बजाय सिर्फ नशेड़ी दोस्तों तक ही रहा है। पुलिस को उसे तलाश करने में पसीने छूट रहे हैं।
सर्विलांस के सहारे पुलिस उसको पकड़ती लेकिन वह मोबाइल भी प्रयोग नहीं करता। करीब एक महीना बीतने जा रहा है लेकिन पुलिस को उसका कोई क्लू नहीं मिल पा रहा है।
इसलिए पुलिस की मुश्किलें बढ़ी हुई है। रविवार को क्षेत्रीय विधायक संगीत सोम ने उसके घर पहुंच कर घटना के प्रति दुख जताया तथा थाना प्रभारी शिव वीर सिंह भदोरिया को हत्यारोपी मोनू को पकड़ कर जेल भेजने की हिदायत दी। हालात ऐसे है कि हत्यारोपी मोनू को पकड़ना पुलिस के लिए मुश्किल ही नहीं नामुमकिन हो गया है।

