जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: आज मेरठ के विश्व प्रसिद्ध ब्रास बैंड गुड्स के निर्माताओं और निर्यातकों के एक शिष्ट मण्डल ने मेरठ-हापुड़ संसदीय क्षेत्र के सांसद राजेन्द्र अग्रवाल को उनके आवास पर ज्ञापन दिया।
ऑल इण्डिया ब्रास बैंड गुड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और प्रमुख निर्यातक मोहित चोपड़ा ने सांसद राजेंद्र अग्रवाल को अवगत कराया कि सरकार द्वारा आरोडीटीपी, जो कि ड्यूटी ड्रॉ बैक है, उसे 7 फ़ीसदी की दर को घटाकर .5% (आधा प्रतिशत) कर दिया है।
इस संदर्भ में सांसद से अनुरोध किया गया कि वह केन्द्रीय कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल को ब्रास बैंड निर्माताओं और निर्यातकों की समस्या से अवगत कराएं और उनकी समस्या का निदान करवाएं। संगठन के अध्यक्ष तथा प्रमुख निर्यातक मोहित चोपड़ा ने कहा कि ब्रास बैंड व्यवसाय के साथ हजारों कामगारों का रोजगार जुड़ा है। उन्होंने कहा कि अचानक ड्रा बैक घटा कर मात्र .5% कर देना किसी भी न्यायसंगत नहीं है।
इस अवसर पर उनके साथ संगठन के हाजी रहमतउल्ला, हाजी यूसुफ, दानिश, कमल वडेरा, सन्नी मेहरा और मुल्ला इस्लाम भी थे। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने शिष्ट मण्डल की बात सुनी और आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में भरसक प्रयास करेंगे।

