जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर सीधे तौर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 40 लाख नए वोटर रहस्यमयी तरीके से मतदाता सूची में जोड़े गए हैं, जिनका कोई पारदर्शी रिकॉर्ड नहीं है। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और विपक्ष लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहा है।
“वोटों की चोरी भाजपा के लिए की जा रही है”: राहुल गांधी
प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा माहिर टीमों की मदद से आंकड़ों की गहराई से जांच की गई है, और उससे यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लोकसभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के बीच लगभग 40 लाख वोटर अचानक मतदाता सूची में शामिल कर लिए गए।
LIVE: Special press briefing by LoP Shri @RahulGandhi | #VoteChori | AICC HQ, New Delhi. https://t.co/3WzBejfgrw
— Congress (@INCIndia) August 7, 2025
राहुल गांधी का क्या है आरोप?
“यह सब भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया है। मतदाता सूची में जोड़-घटाव की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है, और ये एक सुनियोजित रणनीति के तहत लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है।”
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता को सीधा चुनौती देते हुए कहा कि आयोग बार-बार पूछे जाने के बावजूद इन गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने पूछा कि आखिर इतने बड़े स्तर पर वोटर जोड़ने की प्रक्रिया किस आधार पर की गई और इसका रिकॉर्ड सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा। “हमने चुनाव आयोग से बार-बार पूछा कि मतदाता सूची में इतने बदलाव कैसे हुए? लेकिन न तो कोई जवाब मिला, न ही कोई पारदर्शी स्पष्टीकरण।”
शाम 5 बजे के बाद वोटिंग टर्नआउट बढ़ना संदेहजनक
राहुल गांधी ने चुनाव के दिन शाम 5 बजे के बाद अचानक मतदान प्रतिशत बढ़ने को भी संदेहास्पद बताया। उन्होंने कहा कि यह पैटर्न केवल कुछ विशेष क्षेत्रों में देखा गया जहां भाजपा का प्रभाव अधिक है।
“शाम पांच बजे के बाद वोटिंग टर्नआउट क्यों बढ़ता है? किसके कहने पर और किस तकनीकी तरीके से यह किया जा रहा है?” उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान की प्रक्रिया में डिजिटल हेराफेरी या संगठित धांधली के संकेत मिल रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस की टीम ने महीनों की जांच के बाद उजागर किया है।
“छह महीने में जुटाए सबूत”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वोटरों की यह रहस्यमयी बढ़ोत्तरी एक दिन की बात नहीं है, बल्कि इसे पहचानने और इसकी पड़ताल करने में पार्टी को करीब छह महीने का समय लगा। उन्होंने बताया कि डेटा एनालिसिस, फील्ड सर्वे और चुनावी आंकड़ों के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है। “हमने बूथ स्तर पर जांच की, मतदाता सूची का विश्लेषण किया, और तब जाकर यह धांधली सामने आई है।”
विपक्ष की मांग?
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण और सार्वजनिक जवाबदेही की मांग करते हुए कहा कि अगर लोकतंत्र की आत्मा को बचाना है, तो ऐसी गतिविधियों पर रोक लगानी होगी और दोषियों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी।

