जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/मोदीपुरम: रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार को सुबह से ही धूप निकली। तेज कड़क धूप निकलने से दिन में मौसम गर्म रहा। परंतु शाम के समय मौसम ने अचानक करवट बदली और बारिश हुई जिस कारण ठंड बढ़ी। हालांकि रात के तापमान में फिर से बढ़ोतरी की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के पूवार्नुमान के मुताबिक रविवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद दिन में ठंड का एहसास बना रहा, परंतु रात का तापमान बढ़ गया। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप निकली, जिस कारण लोगों ने सर्दी से राहत महसूस की।
दिन ढलते ही मौसम में परिवर्तन शुरू हो गया और शाम के समय में आसमान में फिर से घटा छाने के बाद बारिश हुई। बारिश से मौसम में बदलाव महसूस किया गया। परंतु रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक पहले से ही दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत दे चुके हैं।
सात जनवरी के बाद शीतलहर चलने से फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम आर्द्रता 61 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की रफ्तार चार किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई।

