सिडनी, भाषा: पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि करिश्माई कप्तान विराट कोहली के आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद स्वदेश लौटने पर भारतीय टीम अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर सुनिश्चित नहीं होगी।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने 32 साल के कोहली को पितृत्व अवकाश प्रदान किया है जिससे कि वह अपने पहले बच्चे के जन्म के दौरान अपनी पत्नी के साथ रह सकें। पोंटिंग ने कहा कि कोहली की गैरमौजूदगी (तीन टेस्ट के लिए) में भारत के विभिन्न खिलाड़ी दबाव महसूस करेंगे क्योंकि उसकी बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता की कमी खलेगी। उन्होंने कहा कि आपको लगता है कि अजिंक्य रहाणे कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे लेकिन इससे उन पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा और उन्हें बेहद महत्वपूर्ण चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए किसी और को ढूंढना होगा। पोंटिंग ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अब भी वे स्पष्ट हैं कि पहले टेस्ट में उनका बल्लेबाजी क्रम क्या होगा। कौर पारी का आगाज करेगा, कोहली के जाने पर कौन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेगा? भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी करेंगे। इशांत शर्मा अगर इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान लगी चोट से उबर जाते हैं तो भारत उन्हें टीम में जगह देगा जबकि उमेश यादव और नवदीप सैनी भी भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। पोंटिंग का मानना है कि इतने सारे विकल्प होने के कारण भारत को मेजबान की तुलना में अधिक सवालों का जवाब ढूंढना होगा। उन्होंने कहा कि पुकोवस्की और ग्रीन की मौजूदगी में आस्ट्रेलिया के सामने जो सवाल हैं, मुझे लगता है कि भारत को उससे अधिक सवालों के जवाब ढूंढने होंगे। पोंटिंग ने कहा कि शमी, जसप्रीत बुमराह- क्या इशांत को खिलाया जाए, या उमेश यादव को, क्या सैनी या सिराज जैसे युवा को मौका दिया जाए?

