जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नागल थाना क्षेत्र में शराब ठेके के सेल्समैन लोकेश की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रेसवार्ता कर वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर दो अवैध चाकू, दो मोबाइल फोन, 1490 रुपये, लोकेश का लाल पिट्ठू बैग और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
थाना रामपुर मनिहारन क्षेत्र के मुंडीखेड़ी निवासी लोकेश बोहड़ूपुर स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन था। पुलिस के अनुसार आरोपी कई दिनों से उसकी रेकी कर रहे थे। उन्हें जानकारी थी कि लोकेश रात करीब 10 बजे ठेका बंद कर अकेला बाइक से घर लौटता है और उसके पास लाल बैग रहता है। आरोपियों को शक था कि बैग में ठेके की बिक्री के रुपये होते हैं।
14 अगस्त की रात दो बाइकों से पीछा कर आरोपियों ने आईटीआई के पास लोकेश को घेर लिया। बाइक से लात मारने पर वह सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में गिर गया। बैग छीनने के दौरान लोकेश ने राहुल को पहचान लिया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। पहचान खुलने के डर से आरोपियों ने उसे पानी में डुबोकर मार डाला।15 अगस्त को शव मिलने के बाद परिजनों ने मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 17 अगस्त को नागल पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने रेलवे पुल के पास नई कॉलोनी में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

