- ऋत्विक चैम्पियंस टॉफी मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहे
जनवाणी संवाददाता |
शामली: रोहतक में आयोजित प्रथम अभिनंदन शूटिंग चैम्पियनशिप में शामली राइफल क्लब के प्रशिक्षु निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर कई पदक जीते।
हरियाणा राज्य के रोहतक में अखिल भारतीय जाट सूरमा स्मारक महाविद्यालय शूटिंग रेंज में 30 जनवरी से 3 फरवरी तक शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। जिसमें एयर राइफल आइएसएसएफ के चैम्पियन आॅफ चैम्पियंस मुकाबले में शामली निवासी ऋत्विक पाल 246.0 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे जिनको आयोजन समिति द्वारा 7100 रुपये व रजत पदक देकर सम्मानित किया।
इसी वर्ग में पीयूष शर्मा 224.5 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे जिन्हें 5100 रुपये एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन मैच में एयर राइफल आईएसएसएफ यूथ पुरुष वर्ग में पीयूष शर्मा ने 622.4 अंकों के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
एयर राइफल आईएसएसएफ जूनियर वर्ग में ऋत्विक पाल ने 621.4 अंकों के साथ कांस्य पदक एवं एयर राइफल आईएसएसएफ सीनियर पुरुष वर्ग में उत्सव मलिक ने 619.5 अंकों के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।
बुधवार को क्लब आगमन पर शामली राइफल क्लब के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने ट्रॉफी देकर विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब डायरेक्टर तपन मलिक, सोनल तोमर, अक्षय कुमार, हिमांशु मलिक, प्रशांत कुमार, पारस पंवार, गुलजार, गौरव श्योराण, वंश चौधरी, पुलकित राठी, निखिल पुंडीर आदि उपस्थित रहे।

