- नगर के विभिन्न मार्गों पर नारेबाजी कर किया प्रदर्शन
- एसआई आदर्शनगर चौकी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: शिव सेना के पदाधिकारियों व सदस्यों ने नगर के विभिन्न मार्गों पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही वेब सीरीज के निमार्ता, कलाकारों व अन्य सहयोगियों पर कार्यवाही के साथ ही तांडव वेब सीरीज पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग से सम्बन्धित मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन आदर्शनगर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह मलिक को सौंपा।
नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर शिव सैनिक विपिन कुमार प्रजापति के नेतृत्व में एकत्रित हुए। वहां से वे प्रदर्शन करते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। शिव सैनिकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसआई यशवीर सिंह मलिक को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि तांडव वेब सीरीज पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। इस सीरीज में कुछ दृश्य अत्यन्त आपत्तिजनक है।
इन दृश्यों में हिन्दू धर्म के अनुयायियों के पूजनीय देवी-देवताओं पर अशोभनीय टिप्पणियां की गयी हैं। देवी-देवताओं से करोड़ों हिन्दुओं की आस्था जुडी होने के कारण उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है। जिससे देश के हिन्दुओं में भारी रोष व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया है कि तांडव वेब सीरीज पर प्रतिबंध न लगाए जाने की स्थिति में युवा शिवसेना सड़कों पर उतरकर आन्दोलन करने के लिए बाध्य होगी।
जिसकी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। साथ ही तांडव वेब सीरीज के निमार्ता हिमांशु कृष्ण मेहरा, निर्देशक अली अब्बास जफर, लेखक गौरव सोलंकी व अन्य दोषियों के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धाराओं में कड़ी कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की गयी है। प्रदर्शन करने वालों में संयम जैन, पीयूष चौहान, कावेन्द्र राज सैनी, पीयूष पंवार, अभिषेक चौहान, मनोज राजवंशी, प्रमोद शर्मा, शशि कुमार मजूमदार, ममता देवी, उषा देवी, सपना देवी, जमना रानी, आकांशा, दीपा, दीपा रानी, कांकेन्द्र चंद , शशि कुमार,आदि मौजूद रहे।

