- पंचायत चुनाव को देखते हुए ग्राम सुरक्षा समिति को सक्रिय रहने के निर्देश दिए
जनवाणी संवाददाता |
नहटौर: एसपी देहात संजय कुमार ने नहटौर कोतवाली पहुंचकर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम सुरक्षा समिति को सक्रिय कर के उनकी बैठक लेने के निर्देश दिए।
एसपी देहात संजय सागर ने मंगलवार को नहटौर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व गार्ड की सलामी ली तथा शस्त्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुराने शस्त्रों को बदलने, पुराने माल का निस्तारण कराने व माल गोदाम में पड़ी शराब को नष्ट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। अधूरी पड़ी विवेचनाओं को तत्काल निस्तारण करने व थाने की भूमि को लेखपाल से पैमाइश कराने के निर्देश दिए। त्रिस्तरीय चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए शस्त्र युद्ध स्तर पर जमा कराने को कहा। अपराधी किस्म के व्यक्तियों पर निगरानी रखने की भी बात कही।
महिला हेल्प डेस्क कक्ष का भी निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक जयकुमार, क्राइम इंस्पेक्टर कांति प्रसाद शर्मा, संजीव कुमार, बबलू सिंह, राजेंद्र प्रजापति, जय वीर सिंह मान, मुनेश कुमार, विक्रांत यादव, रामेश्वर यादव आदि उपनिरीक्षक उपस्थित रहे।

