- एसडीएम को ज्ञापन देकर की कार्रवाई की मांग
जनवाणी ब्यूरो |
बड़ौत: निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी से जहां एक ओर अभिभावक परेशान हैं वहीं दूसरी ओर राजनैतिक पार्टियां भी अब खुलकर मैदान में आ गई हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर निजी स्कूलों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा।
सपा नेता सुरेंद्र पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम कसने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि निजी स्कूल नर्सरी कक्षा से लेकर 12वीं तक की पढाई के नाम पर अभिभावकों का शोषण कर रहे हैं। स्कूलों में बिना पढाई कराए ही पूरी फीस वसूली जा रही है।
ढाई-तीन साल के बच्चे को ऑनलाइन पढाई के नाम पर फीस वसूला जाना तानाशाही है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कोरोना काल में हर किसी के सामने समस्या थी, ऐसे में स्कूलों द्वारा किए जा रहे इस शोषण से निजात दिलाए जाने की आवश्यकता है। छह माह की फीस माफ कराए जाने की भी कार्यकर्ताओं ने मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में सौदान सिंह, विक्रम सिंह, रामकिशन, अशोक कुमार, ब्रजपाल सिंह, बीरसैन, नाजिम, शाकिद अहमद, आरिफ, अब्दुल रज्जाक आदि मौजूद रहे।

