- गन्ना भुगतान, महंगी शिक्षा, बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: सोमवार को मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर पहुंचे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ हंगामा प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में किसानों की बेहाली का हवाला देते हुए किसानों के बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने और गन्ने का भाव 420 रुपये प्रति कुंतल दिए जाने की मांग की गई है।
इसी तरह छात्रों को सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराने और लॉकडाउन के दौरान स्कूलों की फीस माफ करने की मांग की है। देश में बेरोजगारी का हवाला देते हुए युवाओं को नौकरी दिलाने के साथ-साथ 5000 रुपये प्रतिमाह का बेरोजगारी भत्ता और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार तथा सरकारी विभागों का निजीकरण किए जाने पर विरोध जताया।

इसके अलावा दलित पिछड़ों को मिलने वाले आरक्षण से छेड़छाड़ पर रोष जताते हुए दलित पिछड़ों को हर क्षेत्र में आरक्षण दिए जाने और यूपी में दलित छात्रों की निशुल्क प्रवेश पर लगाई रोक को तत्काल हटाने तथा बीएड में दलित छात्रों को निशुल्क प्रवेश दिए जाने की मांग की गई है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर को ज्ञापन सौंपने वालों में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के पूर्व राष्ट्रीय सचिव संजय राणा, सलमान कुरैशी राशिद मंसूरी माजजन सलीम कुरैशी, फरमान रंगरेज, वाजिद खान, तौफीक, मोनू तोमर, जावेद कुरैशी, समीम चौधरी, वसीम राणा, आनंद चौधरी आदि शामिल रहे।

