जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: स्थानीय पुलिस ने जलीलपुर के निकट पुलिस लिखी आई टेन कार से देसी शराब की दस पेटियो के साथ चार युवकों को हिरासत में लिया है। युवक कार में शराब रखकर सप्लाई करने जा रहे थे।
पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर शराब की खपत हो रही है चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी शराब खरीदने के लिए ठेकों की ओर नहीं जा रहे हैं। बल्कि शराब माफिया गाड़ियों में शराब भरकर प्रत्याशियों के ठिकाने तक पहुंचा रहे हैं।मंगलवार की दोपहर बाद चार युवक पुलिस लिखी आई टेन कार में सवार होकर देसी शराब की दस पेटियां लाद कर सप्लाई करने जा रहे थे।
जलीलपुर के निकट पुलिस ने सूचना के आधार पर कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें फाइटर ब्रांड देसी शराब की दस पेटियां रखी मिली। पुलिसकर्मी शराब से लदी कार के साथ ही चारों युवकों को पकड़कर कोतवाली ले आए। युवक पुलिस लिखी कार का उपयोग कर रहे थे।
शायद उन्हें यह पता था यदि गाड़ी के ऊपर पुलिस लिखा होगा तो वह पकड़ में नहीं आएंगे, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता के चलते शराब से लदी कार पकड़ी गई। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी थाना अध्यक्ष पंकज तोमर ने कार से शराब पकड़े जाने पुष्टि की है। उन्होंने पकड़े गये युवकों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की बात भी कही है।

