जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जिले में बुधवार को तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वातावरण में 66 प्रतिशत नमी रहने से लोगों को 43 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 169 दर्ज किया गया, जो अस्वस्थ श्रेणी में है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम रही।
मौसम विभाग की सलाह
मिर्जापुर मौसम वेधशाला के प्रभारी अमीर अहमद ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने तथा गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, लेकिन नमी अधिक रहने से उमस बनी रहेगी। उन्होंने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों का पालन करने की सलाह दी।

