- प्रवीण कुमार ने अपने प्रतिद्वंद्वी को किया पराजित
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना/ ऊन: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना धीमी गति से शुरू हुई जबकि सबसे पहले नतीजा गांव बझेडी के ग्राम प्रधान पद का आया। शाम को मतगणना स्थल का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। मतगणना स्थल के बाहर सड़क पर लगी भीड़ को पुलिस द्वारा लाठियां फटकार कर भगाया।
रविवार को झिंझाना स्थित राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना धीमी गति से प्रारंभ हुई। शाम होने तक आधा दर्जन गांव के नतीजे घोषित हो चुके थे। सबसे पहला नतीजा गांव बझेड़ी का आया जिसमें प्रवीण कुमार ने अपने प्रतिद्वंद्वी चंद्रवीर को 161 मतों से पराजित किया।
भोगी माजरा से परीक्षित ने सचिन को 11 वोटों से हराया। सिकंदरपुर में मास्टर देवेंद्र तोमर ने 294 मतों से प्रदीप को हराकर जीत हासिल की। इसके अलावा कमालपुर से सुंदरलाल ने 216 वोटों से दर्शन देवी, मछरौली में राजेंद्र ने विकास को 121 मतों से व हसनपुर में रूप सेन ने 49 मतों से रहमुद्दीन, कबीरपुर में संजीदा ने बानो को हराया।
शाम के समय जिलाधिकारी जसजीत कौर एसपी सुकृति माधव ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। मतगणना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे लगी ठेलियों व समर्थकों को हटाने के आदेश दिए जिसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकार कर प्रत्याशियों के समर्थकों को दौड़ाया।
मीडिया कर्मियों को भी जांच के बाद प्रवेश
पहले चरण में 31 ग्राम पंचायतों की मतगणना के लिए भारी संख्या में प्रत्याशी व अभिकर्ताओं के पहुंचने पर मतगणना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं अभिकर्ताओं द्वारा फर्जी कोरोना रिपोर्ट बनवाने की सूचना पर पुलिस ने टपराना निवासी दो लोगों को पकड़कर उनकी कोरोना जांच पुन: मतगणना स्थल पर ही करायी। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही मतगणना केंद्र में भेजा गया।
एसडीएम ऊन मणि अरोरा ने मीडिया कर्मियों को भी कोरोना जांच कराकर निगेटिव होने पर ही कवरेज करने के लिए कहा गया। जिसके बाद मीडिया कर्मियों ने मतगणना स्थल पर ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैंप में अपनी कोरोना की एंटीजन टेस्ट कराए गए। ऊन प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सलीम ने बताया मतगणना स्थल पर टीम द्वारा दोपहर 12 बजे तक 75 लोगों की कोरोना जांच की गई।

