- आंख में गंभीर चोट के कारण घायल दुकानदार को किया रेफर
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: थानाभवन थाना क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर निवासी जाबिर पुत्र महफूज की गांव में मिठाई की दुकान है। शनिवार को जाबिर अपनी दुकान पर बैठा था तभी गांव का ही आरिफ पुत्र एजाज उसकी दुकान पर कुछ सामान खरीदने आया। दुकानदार जाबिर ने आरिफ से अपने बकाया 416 देने को कहा जिस पर आरिफ को गुस्सा आ गया। जिसके बाद आरिफ ने दुकानदार जाबिर के साथ गाली गलौच शुरू कर दी।
शोर-शराबा होने पर आरिफ के पुत्र आजाद व शहजाद भी वहां आ गए और दुकानदार जाबिर की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट में दुकानदार जाबिर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल जाबिर को थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया जहां से आंख में गंभीर चोट आने के चलते उसे रैफर कर दिया गया। घायल दुकानदार को लेकर परिजन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने बताया कि एक आरोपी शहजाद पुत्र एजाज पहले भी गांव में ही एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में जेल जा चुका है।
वहीं थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

