- अभी एक-दो दिन और बने रहेंगे बारिश के आसार, बारिश होने से मेरठ में मिली गर्मी से राहत
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: बुधवार को अचानक मौसम में परिवर्तन होने से मौसम खुशनुमा हो गया है। शहर में बुधवार को हुई जोरदार बारिश ने गर्मी से राहत दी है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी ही हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिन तक वेस्ट यूपी में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश का असर वेस्ट यूपी में भी नजर आएगा। काफी दिनों से मेरठ में बारिश नहीं हो रही थी।
गर्मी, उमस से हाल बेहाल था। बुधवार सुबह से घने बादल छाए हुए थे, अचानक तेज बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। आसमान पर काले बादल छाए और थोड़ी देर में ही बारिश में बदल गए। हाइवे पर निकलने वाले वाहन स्वामियों की रफ्तार धीमी हो गई। बारिश का असर अभी आगे भी दो-तीन दिन तक दिखाई देगा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही के अनुसार आने वाले दो दिनों में मेरठ व आसपास के जिलों में बारिश की संभावना है।
कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। जो फसलों के लिए अच्छी रहेगी। राजकीय मौसम वैधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 95 एवं न्यूनतम आर्द्रता 76 दर्ज की गई। बारिश 1.8 मिमी दर्ज की गई।

चंद मिनटों की बारिश में महानगर जलमग्न
मेरठ: बुधवार की दोपहर करीब चंदों की बारिश से महानगर जलमग्न हो गया। सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया और गली मोहल्लों में तरणताल बन गए। कई क्षेत्रों में घरों, दुकानों, कारखानों, सरकारी दफ्तरों और थानों में पानी घुस गया। जलभराव के बीच से गुजरने वालों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने दो दिन तक बारिश होने की संभावना जताई है।
बुधवार तड़के करीब लगभग पांच बजे से चंद मिनटों के लिए मेघ बरसे, लेकिन दोपहर करीब साढ़ बारह बजे झमाझम बारिश होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। छीपी टैंक, बच्चा पार्क, विजय नगर, वेस्टर्न कचहरी रोड, ईस्टर्न कचहरी रोड, सिविल लाइन, साकेत, शर्मानगर, नंगला बट्टू, आर्यनगर, सूरजकुंड रोड, नेहरू नगर, वैशाली कालोनी, जयदेवीनगर, कैलाशपुरी, शोहराब गेट, सराय बहलीम, हाशिमपुरा, सुभाष नगर, बुढ़ाना गेट, निगार रोड, खैरनगर, अहमद रोड, अमीर रोड, जली कोठी, मिशन कंपाउंड, सोतीगंज, बेगमबाग, तिलक रोड, थापरनगर, पटेल नगर, नगर निगम रोड, पुर्वा महावीर,
मकबरा डिग्गी, मकबरा घोसियान, प्रेमपुरी, आनंदपुरी, जैननगर, दशमेश नगर, रेलवे रोड, रौनकपुरा, भटीपुरा, बागपत गेट, देहली गेट, कृष्णपुरी, बागड़ियान मोहल्ला, बागपत रोड, गुप्ता कालोनी, इस्लामनगर, साबुन गोदाम, मलियाना, टीपी नगर, ईश्वरपुरी ब्रह्मपुरी, इंदिरा नगर, मास्टर कालोनी, गणेशपुरी, गौतमनगर, भगवतपुरा, खत्ता रोड, तारापुरी, श्याम नगर, नूर नगर, लिसाड़ी, फतेहउल्लाहपुर रोड, सिददीकनगर, लिसाड़ी गेट, प्रहलादनगर, राम बाग, आजाद रोड, गोला कुंआ, इस्लामाबाद, बुनकर नगर आदि क्षेत्रों में जलभराव हुआ। जलभराव के बीच गुजरने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

