- फोटो खींच कर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की दी धमकी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: फेसबुक पर महिलाएं हनी ट्रेप का सहारा लेकर लोगों को फंसाने में लगी हुई है। साइबर सेल में इस तरह के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हाल की घटना में एक महिला ने फेसबुक पर दोस्ती कर इंजीनियर को हनी ट्रैप में फंसा लिया। इसी बीच महिला ने अपने साथ उसकी फोटो खींच ली और फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर इंजीनियर को ब्लैकमेल कर छह लाख ठग लिए।
जानी थानाक्षेत्र के एक गांव का युवक नोएडा में एक कंपनी में इंजीनियर है। डेढ़ साल पहले ब्रह्मपुरी क्षेत्र की एक महिला ने उसे फेसबुक पर रिक्वेस्ट भेजी। कुछ दिनों तक मैसेंजर पर बात करने के बाद उन्होंने एक-दूसरे का नंबर ले लिया। इसके बाद इंजीनियर का महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि एक शादी समारोह में इंजीनियर को बुलाकर महिला ने उसके साथ फोटो ले ली।
जिसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इंजीनियर ने बताया कि वह महिला और उसके साथियों को साढ़े तीन लाख नकद और ढाई लाख रुपये पेटीएम के माध्यम से चुका है। बावजूद इसके उसे अब भी ब्लैकमेल किया जा रहा है। मंगलवार को इंजीनियर ने एसएसपी के फर्जी हस्ताक्षर से की गई शिकायत व अन्य साक्ष्यों के साथ एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है। शिकायत सुन रहीं सीओ रूपाली राय ने साइबर सेल और थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
महिला से छेड़छाड़
युवक से टकराने का विरोध करने पर बदमाशों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट व छेड़छाड़ की। दहशत फैलाने के लिये तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत तारापुरी निवासी रिहान पुत्र सलीम ने बताया सोमवार को गली में भाई के साथ खड़े थे। वहीं से गुजर रहे नशे में धुत युवक का कंधा लग गया।
जिसका विरोध करने पर नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। मारपीट देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद लोगों ने आपस का समझौता करा दिया। पीड़ित रिहान का आरोप है कि इसके कुछ देर बाद नशे में धुत युवकों ने घर में अकेली महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट की और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर तमंचे लहराए। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ को आता देख आरोपी तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
ई-रिक्शा से छात्रा को खींचने का प्रयास, छेड़खानी
बाइक सवार मनचलों ने दुस्साहस दिखाते हुए ई-रिक्शा में बैठी छात्रा को खींचने का प्रयास किया। शोर सुनकर राहगीर इकट्ठा हो गए। उन्होंने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो नूरनगर की तरफ फरार हो गए। छात्रा ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी भतीजी मेडिकल स्थित एक कालोनी में रहती है।
करीब 15 दिन पहले छात्रा चाची के घर रहने के लिए आई थी। सोमवार दोपहर छात्रा खरीदारी करने बाजार जा रही थी। तभी बाइक सवार मनचले ने ई-रिक्शा का पीछा करने लगे। नूरनगर पुलिया के पास पहुंचते ही आरोपियों ने छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने छात्रा को ई-रिक्शा से खींचने का प्रयास किया। राहगीरों ने दिखाते हुए आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।

