- छह पशु झुलसे, एक भैंस की मौत, प्रशासन से मुआवजे की मांग
जनवाणी संवाददाता |
भूतपुरी: अफजलगढ़ क्षेत्र के दो अलग अलग गांव टांडा बैरागी व शाहपुर जमाल में आग लगने से एक पशुशाला में बंधे छह पशु बुरी तरह से झुलस गए व एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पशुओं को बचाने के प्रयास में गृह स्वामी उसकी पत्नी व दो लड़की भी बुरी तरह से झुलस गई।
उधर, दूसरे गांव शाहपुर जमाल में घर में आग लगने कपड़े राशन व 35 हजार रुपये की नकदी आदि सामान जल जाने से हजारों रुपये का नुकसान हो गया। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाये जाने की मांग की है।
गांव टांडा बैरागी निवासी राजेश सिंह पुत्र डालचंद सिंह ने बताया कि अचानक उसकी पशुशाला में आग लग गई। जिससे पशुशाला में बंधे भैंस, गाय सहित छह पशु बुरी तरह से झुलस गए व पशुशाला में रखे भूस व लकड़ी जल गए। जिसमे एक भैंस की मौके पर ही जलकर राख हो गई।
वही एक भैंस व एक गाय की हालत गंभीर बनी हुई है। पशुओं को आग से बचाने के प्रयास में गृह स्वामी राजेश का मुंह, हाथ व पैर बुरी तरह से झुलस गए। वही उसकी पत्नी सविता व दो पुत्री आंचल व निकिता के हाथ पैर भी झुलस गए। गंभीर हालत में झुलसे राजेश सिंह को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी अफजलगढ़ भर्ती कराया गया। जहां पर हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान होने बात कही है।
उधर, गांव शाहपुर जमाल में एक संयुक्त परिवार में रह रहे तीन भाई घसीटा, अनंगपाल व कुन्नू पुत्र परवीन सिंह के घर में आग लग जाने के कारण घर मे रखा राशन का सामान, साइकिल, मोबाइल, चारपाई कपड़ो व 35 हजार रुपये की नकदी जल गई।
पीड़ित कुन्नू ने बैंक से 35 हजार रुपये उधारी के वापिस देने के लिए बैंक से निकाले थे। जब घर मे आग लगी तब कुन्नू उसकी पत्नी पूजा, पुत्र प्रियांशु व कुन्नू की माता फूलवती घर में सो रहे थे। आग लगने पर ग्रामीणों की मदद से घर मे सो रहे पीड़ितों को बामुश्किल बाहर निकाला गया।
जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक सारा सामान जल कर राख हो गया। पीड़ित ने 80 हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही है और प्रशासन से जांच कराकर उचित मुआवजे की मांग की है। हल्का लेखपाल ऋषिपाल राणा ने उच्च अधिकारियों को घटना का मुआयना कर रिपोर्ट भेजने की बात कही है।

