- भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव कुसैड़ी ने धमकी की बात को नकारा एसएसपी से की शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एनएच-58 पर स्थित ऐरा कॉलोनी में दो बीघा जमीन के मामले को लेकर तथाकथित बिल्डर व भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव कुसैड़ी आमने-सामने आ गए हैं। बिल्डर ब्रिजबीर सिंह उर्फ बबलू पुनिया ने फेसबुक पर भाजपा नेता गौरव कुसैड़ी से जान का खतरा बताते हुए पोस्ट डाली है। इस पोस्ट ने खलबली मचा दी, जिसके बाद भाजपा नेता गौरव कुसैड़ी ने शनिवार को एसएसपी प्रभाकर चौधरी से फोन पर बात की तथा इस पूरे प्रकरण की जांच कराकर तथाकथित बिल्डर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
बकौल, भाजपा नेता गौरव कुसैड़ी के आॅफिस में शुक्रवार दोपहर दो बजे बिल्डर बबलू अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। वहां पर पहले से ही ऐरा कॉलोनी के लोग बड़ी तादाद में मौजूद थे। लोगों का आरोप था कि बिल्डर कॉलोनी में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं करा रहा हैं, जिसके चलते घरों में बारिश का पानी भर गया हैं। लोग परेशान हैं, इसकी एमडीए में शिकायत की गई।
इसी वजह से बिल्डर ने फेसबुक पर उन्हें बदनाम करने के लिए गलत पोस्ट कर दी। इसकी सूचना एसएसपी को दी हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। उधर, बिल्डर ब्रिजवीर उर्फ बबलू पुनिया ने जनवाणी को बताया कि भाजपा नेता गौरव कुसैड़ी ने उसे जिला पंचायत के आॅफिस में बुलाया था। दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच के सीसीटीवी फुटेज निकलवाये जा सकते हैं, वहां पर भाजपा नेता ने उसे अपमानित किया तथा दो बीघा जमीन की मांग की। ऐरा कालॉनी के पीछे उसकी बारह बीघा जमीन हैं, जिसमें कॉलोनी काटी जा रही है।
इस जमीन पर भाजपा नेता कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर वह भाजपा के शीर्ष नेताओं के पास जाएंगे तथा न्याय की गुहार लगाएंगे। बता दे, ऐरा कॉलोनी पहले नोएडा के एसआर गुर्जर के पास थी, उन पर 10 करोड़ बैंक का कर्ज हो गया था, जिसके बाद वह कॉलोनी छोड़कर चले गए थे। इसके बाद कई लोगों ने मिलकर बैंक का पैसा जमा किया, तब जाकर इन्हें कॉलोनी हैंडओवर हुई थी।

