- मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने गांव ऐरटी में सुनी समस्याएं
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जनपद के नामित नोडल अधिकारी मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल एवी राजमौलि ने जनपद में अपने भ्रमण कार्यक्रम के चौथे दिन विकासखंड कैराना ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम ऐरटी में आयोजित चौपाल में ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनकी सभी शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
मंगलवार को मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल एवी राजमौलि ने गांव ऐरटी में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। चौपाल पर खंड विकास अधिकारी, एडीओ एवं ग्राम सचिव के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा गया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त ने ग्राम के अंदर किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उपस्थित ग्रामवासियों से सत्यापन कराते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्विवादित वरासत, पेंशन आवास, स्वछ पेयजल, शौचालय, बिजली, स्वास्थ्य संबंधी, जल निकासी, कैंसर से होने वाली मौत आदि की समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
केंद्र सरकार का प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का पात्र को लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। अगले क्रम मंडलायुक्त द्वारा माइनर मन्ना मजरा की टेल के निरीक्षण कर वहां पर आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा और किसानों से समस्याएं जानकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इसके अलावा आयुक्त द्वारा गन्ना क्रय केन्द्र कैराना-डी, धान क्रय केन्द्र कैराना ऐट आर्यपुरी का निरीक्षण किया गया। जिसमें मौके पर आयुक्त को धान की बोरियों पर कोई कोडिंग ना होने के चलते संबंधित अधिकारी का स्पष्टीकरण मांगा गया। निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी कैराना, सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

