जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजधानी जयपुर के खो नागोरियान इलाके में मंगलवार दोपहर एक घर में संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग और धमाके के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस मकान में हादसा हुआ, वहां घर के भीतर ही पटाखा निर्माण चल रहा था। अचानक आग लगने के बाद तेज धमाके हुए, जिससे आसपास का क्षेत्र दहशत में आ गया। मौके पर दमकल, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत पहुंचे।
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने तीन लोगों की जलने से मौत की पुष्टि की है। वहीं, पांच घायलों को जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में रखा गया है, जहाँ उनकी हालत मरणासन्न बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार ये सभी 50 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, एडीएम और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आवासीय क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री किस प्रकार संचालित की जा रही थी और इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।

