जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: गुरूवार की शाम चेकिंग के दौरान खेकड़ा पुलिस ने दिल्ली-सहारपुर हाईवे से तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया है।
अपराधियोंं की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के दौरान खेकड़ा पुलिस गुरूवार की शाम दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वहां पर अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन युवक पहुंचे। इनमें से एक बाइक बिना नम्बर की थी जबकि दो बाइकों के नम्बर भी संदिग्ध नजर आ रहे थे।
पुलिस ने युवकों को रोक लिया और उनसे बाइक के कागजात दिखाने को कहा लेकिन वह कागज नहीं दिखा सके। पुलिस के अनुसार युवकों को लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बाइकों के चोरी की होना स्वीकार किया। बाइक चोरों के नाम हिमांशु , खलील व हसनैन बताये गए हैं।
वह जनपद गाजियाबाद के गांव दौलतनगर पाभी सादिकपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बाइकों को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। आरोपियों को विधिक कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर परिजनों ने युवकों पर लगाये गए आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि वह तीनों रटौल स्वीमिंग पुल में नहाने के लिए गए थे। पुलिस ने उन्हें वहीं से पकड़ा था।

