जनवाणी संवाददाता |
नानौता: नगर के संजय चौक पर गन्नों से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रली अचानक अनियंत्रित होते हुए फलों की दुकान में जा घुसी। इसके चलते चारों तरफ भगदड़ मच गई। आसपास के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे गंगोह की ओर से गन्ने से भरी क्षमता से अधिक ट्रैक्टर-ट्रली चीनी मिल की तरफ जा रही थी।
नानौता के संजय चौक पर पहुंचते ही ऊंची टक्कर सड़क की होने के कारण ट्रैक्टर ट्रली अनियंत्रित होते हुए फलों की दुकान में जा घुसी। जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने भागकर बमुश्किल अपनी जान बचाई। आसपास के लोग एवं संजय चौक पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए और किसी प्रकार से ट्रली के पहियों के नीचे पत्थर आदि रखते हुए टोली को रोका गया।
यदि समय रहते स्थानीय लोगों द्वारा यह प्रयास किया जाता तो बड़ा हादसा होने से इनकार भी नहीं किया जा सकता। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि मिल प्रशासन द्वारा आज तक किसी भी प्रकार की ओवरलोड वाहन पर कोई भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई, जिसके चलते ओवरलोड वाहनों का आवागमन चीनी मिल में जारी है और लोगों की जान खतरे में है।

