- तीर्थयात्रा को कोविड के बचाव नियमों के साथ सुचारु रूप से चलाने की अपील की
जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने उत्तराखण्ड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से उत्तराखण्ड प्रदेश के चारधाम सहित समस्त तीर्थाटन क्षेत्रों में तीर्थयात्रियों के आवागमन प्रतिबन्ध को हटा खोलने व तीर्थयात्रा को कोविड के बचाव नियमों के साथ सुचारु रूप से चलाने की अपील की।
ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज कहा कि कोरोना का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, प्रदेश का सम्पूर्ण जीवन पर्यटन पर आश्रित है, दूसरी कोई आमदनी नहीं है।
आॅटो-रिक्शा-टैक्शी तथा रेडी वालों से लेकर समस्त छोटे-बड़े सभी व्यापारी वर्ग, होटल-धर्मशाला आदि सभी की स्थिति अत्यन्त चिन्ताजनक है।
उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल डीजल, खाद्य-सामग्री आदि रोजमर्रा की वस्तुओं की महगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिससे घर-गृहस्थी का खर्च चलाना कठिन होता जा रहा है। लाॅकडाउन होने के कारण पिछले वर्ष से ही उत्तराखण्ड की जनता रोजी-रोजगार को लेकर आहत है।
भारतीय जनमानस की यज्ञ-अनुष्ठान व तीर्थों तथा देवी-देवताओं पर गहरी आस्था है। लोग अपने मन की शान्ति के लिए गंगास्नान-देवदर्शन तथा पुजा-पाठ एवं अनुष्ठान के लिए उत्तराखंड आना चाहते हैं तथा इस महामारी से निपटने के लिए अपने-अपने गुरुस्थानों में आकर यज्ञ आदि में हिस्सा लेकर सहयोग करना चाहते हैं, इससे न केवल होटल-धर्मशाला आदि का बल्कि सभी लोगों की आजीविका में प्रभाव पड़ेगा।
ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि लोगों के जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धीरे-धीरे प्रदेश एवं देशवासियों का तीर्थक्षेत्र में आवागमन प्रारम्भ किया जाये। इस पर पर्य टन मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रदेश की जनता के हित में महामारी के नियमानुसार यात्रा शीघ्र प्रारम्भ की जायेगी।

