जनवाणर ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई और लगभग 15 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्हें मोरिंडा और फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और राहत कार्य
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारू किया। फतेहगढ़ साहिब के एसपी ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
हादसे का कारण
बताया जा रहा है कि लगभग 40 श्रद्धालु फतेहगढ़ साहिब से श्री आनंदपुर साहिब के बैसाखी मेले में शामिल होने गए थे। लौटते समय बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यह बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। यह हादसा हलका बस्सी पठाना के गांव हिम्मतपुरा (भटेड़ी) के पास देर रात हुआ।
शोक और स्थानीय प्रतिक्रिया
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। खासकर गांव मैन माजरी में गहरा दुख है, क्योंकि एक ही गांव के कई लोगों की जान चली गई। कुछ परिवारों ने अपने एक से अधिक सदस्यों को खो दिया, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया।

