जनवाणी संवाददाता |
गंगोह: बाइक व अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सड़क दुर्घटना शाम के समय दौलतपुर गांव के पास घटित हुई। गांव बहलोलपुर निवासी विनोद पुत्र राजपाल (26), अंकित पुत्र जयवीर (25) निवासी शकरपुर व आशु पुत्र धर्मवीर (24) निवासी दथेडा जनपद शामली एक ही बाइक पर कहीं जा रहे थे। जब वह यमुना किनारे बसे गांव दौलतपुर के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन से उनकी टक्कर हो गई। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को गंगोह सीएचसी पहुचाया। वहां चिकित्सक ने आशु को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में लगी है वहीं दो अन्य घायलों को गंभीर अवस्था मे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जिला अस्पताल ले जाते समय बहलोलपुर निवासी विनोद की भी मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बाइक सवार युवकों में से किसी ने भी हेल्मेट नही पहना था।

