- गोली लगने से एक शराब तस्कर घायल
- पंचायत चुनाव में बांटी जानी थी हरियाणा मार्का शराब
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: बुधवार की रात कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम की चेकिंग के दौरान नैथला यमुना के खादर में शराब तस्करों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो शराब तस्करों को दबोच लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से एक शराब तस्कर घायल हो गया।
पुलिस ने शराब तस्करों के कब्जे से एम्बुलेंस में ले जायी जा रही 50 पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब पकड़ी। यह शराब सोनीपत से मेरठ ले जायी जा रही थी। पुलिस के अनुसार शराब पंचायत चुनाव में वितरित की जानी थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए शराब की तस्करी रोकने लिए पुलिस एक आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया हुआ है।
अभियान के दौरान शराब तस्करों को पकड़ने में सफलता भी मिल रही है। सीओ सदर अनुज मिश्रा के अनुसार बुधवार की रात कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग की टीम निवाड़ा चौकी पर संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रात्रि करीब एक बजे वहां पर हरियाणा की तरफ से एम्बुलेंस पहंची। पुलिस ने एम्बुलेंस को चेकिंग के लिए रोक लिया। एम्बुलेंस पर फर्जी नम्बर प्लेट लगी थी।
शक होने पर पुलिस ने एम्बुलेंस की तलाशा ली तो उसमें 50 पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब मिली। पुलिस एम्बुलेंस चालक संदीप निवासी हरियाण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि कुछ शराब खादर में यमुना किनारे छिपाकर रखी गई है।
सीओ के अनुसार जब पुलिस शराब तस्कर को साथ लेकर शराब बरामद करने नैथला यमुना के खादर में पहुंची उसने शोर मचाकर अपने साथी को सतर्क कर दिया । इस दौरान उसके साथी ने पुलिस पर गोली चलाते हुए भागने का प्रयास किया। जबाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
इससे पुलिस की गोली लगने से शराब तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सिकंदर बताया। वह बिहार के जनपद मोतीहारा के गांव मुसैरिया ढाका का रहने वाला है। पुलिस ने शराब तस्करों के कब्जे से एक तमंचा मय कारतूस बरामद किया। पुलिस ने शराब को अपने कब्जे में लेकर एम्बुलेंस को सीज कर दिया है। शराब तस्करों के विरूद्ध कोतवाली में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

