जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के पूरब से लेकर पश्चिम तक तपिश का कहर लगातार जारी है। सोमवार को बुंदेलखंड, आगरा मंडल और दिल्ली-एनसीआर से सटे जिलों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। झांसी और आगरा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
UP के कई जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए UP के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। आगरा, झांसी, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर जिलों में भीषण गर्मी के साथ लू चलने की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
14 जिलों में रातें भी सामान्य से अधिक गर्म
इसके अलावा पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के करीब 14 जिलों में रातें भी सामान्य से अधिक गर्म रहेंगी, जिसे मौसम विभाग ने ‘वार्म नाइट’ की श्रेणी में रखा है। वहीं, पश्चिमी यूपी और एनसीआर क्षेत्र के लगभग 25 जिलों में लू चलने के येलो अलर्ट की भी चेतावनी दी गई है।
कल कैसा था मौसम?
सोमवार को प्रदेश के लगभग 22 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार बना रहेगा।
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विभाग?
- स्वास्थ्य विभाग और मौसम वैज्ञानिकों ने जनता से अपील की है कि दिन के समय बाहर निकलने से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, भरपूर पानी पिएं और जरूरी सावधानियां बरतें।
- मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से अगले एक दो दिन बुंदेलखंड और आगरा क्षेत्र के कई जिलों में दिन में लू चलने के साथ-साथ रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहेंगी और वार्म नाइट का प्रकोप रहेगा।
- आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 11 जून के बाद बंगाल की खाड़ी से उठे नमी के असर से प्रदेश के पूर्वांचल व अन्य हिस्सों में बूंदाबांदी का दौर दोबारा देखने को मिलेगा।
- साथ ही विभाग का कहना है कि मंगलवार को लखनऊ के तापमान में अभी और बढ़ोतरी के आसार हैं। पारा 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास जा सकता है।

