- पीएनबी शाखा से नकदी निकाल कर पति के साथ घर जा रही थी शिक्षिका
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: नगर के रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित पंजाब नैशनल बैंक की शाखा से धन निकाल कर पति के साथ घर लौट रही सेवानिवृत्त शिक्षिका के बैग को ब्लेड से काटकर दो लाख 35 हजार रुपए उड़ाकर ले जाने वाली महिलाओं को पुलिस अभी तक खोज नहीं पायी है। हालांकि पुलिस की कई टीमें दोनों चोर महिलाओं की तलाश में जुटी हुयी हैं। मामले में घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है।
नगर के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित पीएनबी की शाखा से शुक्रवार को गुरूनानक कालोनी निवासी सेवानिवृत शिक्षिका शशि रानी ने अपने पति सुखलाल के साथ बैंक पहुंचकर अपने खाते से 6 लाख 35 हजार रूपए निकाले थे। शिक्षिका व उसके पति नकदी का थैला लेकर ई-रिक्शा में सवार होकर अपने घर गुरूनानक कालोनी जाने को रवाना हुए थे।
इस दौरान बैंक के समीप से ही रिक्शा में दो महिलाएं भी बैंक से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर स्थित रेलवे स्टेशन जाने के लिए सवार हो गई थी। कालोनी पहुंचने पर शिक्षिका की निगाह बैग पर लगे ब्लेड से कटे हुए निशान पर पडी। उन्होंने कैश की गिनती करने पर पाया कि उसमें दो लाख 35 हजार रुपए कम है। जिसके बाद उक्त दंपति ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी थी।
जिस पर थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने टीम के साथ बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा बैंक के आसपास से स्टेशन मार्ग पर सर्च अभियान चलाया। उधर एसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन ने नजीबाबाद पहुंचकर रेलवे स्टेशन के आस पास प्रतिष्ठानों पर लगे कई कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
पुलिस घटना के बाद से ही शिक्षिका के बैग से नकदी उड़ाकर रफूचक्कर होने वाली महिलाओं की तलाश में जुटी हुई है। थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि अभी किसी भी प्रकार की सफलता नहीं मिली है। महिलाओं की सुरागकशी किए जाने को टीमें गठित कर लगायी गई हैं। जल्द ही बैग काटकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाली महिलाओं को गिरफ्तार किया जाएगा।

