- डीएम और सीडीओ ने किया कचहरी स्थित स्वीप वाटिका का उद्घाटन
- श्रेष्ठ कार्य करने के लिए स्वीप कोआॅर्डिनेटर को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भारत निर्वाचन आयोग के तत्वाधान में जनपद मेरठ में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने कचहरी स्थित स्वीप वाटिका का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि वर्ष भर स्वीप के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थल बाहर से आने वाले लोगों का एक केंद्र है।
स्वीप वाटिका बनाये जाने से ही निश्चित तौर पर लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आगे भी स्वीप वाटिका में मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन करने की आवश्यकता है। मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष भी चौधरी चरण सिंह पार्क के पास एक स्वीप वाटिका का आयोजन किया गया था। इसी प्रकार इस वर्ष इस पार्क को एक भव्य रूप दिया गया है।

आने वाले दिनों में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन स्वीप वाटिका में किया जायेगा। स्वीप वाटिका में लगी सेल्फी पाइंट पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सेल्फी लेकर मतदान के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके बाद सभी को निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। स्वीप कोआॅर्डिनेटर डा. मेघराज सिंह ने बताया कि स्वीप वाटिका में मतदान जागरूकता के लिए एक सेल्फी केंद्र बनाया गया है।
पूरे पार्क में रंगाई पुताई के साथ-साथ मतदान के प्रति जागरूक करने वाले स्लोगन लिखे गए हैं। जिससे लोगों में प्रेरणा उत्पन्न होगी। इस अवसर पर एएस इंटर कॉलेज मवाना मेरठ एवं श्री मल्हू सिंह इंटर कॉलेज मटौर की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने रंगोली के माध्यम से संदेश दिया कि मतदान के प्रति शिक्षा चिकित्सा स्वास्थ्य विकास सभी जुड़े हुए हैं। अगर समाज का विकास करना है, तो सबसे पहले मतदान करना होगा।

स्वीप के अंतर्गत श्रेष्ठ कार्य करने के लिए जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी ने स्वीप कोआॅर्डिनेटर डॉ. मेघराज सिंह एवं विशेष सहयोग करने के लिए डॉ. नीरा तोमर, श्रीमती रीना, अंजू सिंह, विशेष कुमार, तथा छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनेश कुमार, वरिष्ठ सहायक ऋषि कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

