जनवाणी संवाददाता |
बिनौली: राजकीय गेंहू खरीद केंद्र पर सोमवार को क्षेत्र के गांवों से किसानों की भीड़ उमड़ गयी। जिसके चलते बड़ौत मेरठ मार्ग पर दोनों ऒर गेंहू से लदी ट्रैक्टर ट्रालियों की लंबी लाइन लग गयी।
बिनौली के राजकीय गेंहू खरीद केंद्र पर अपना गेंहू विक्रय करने के लिए दर्जनों गांवों से ट्रैक्टर ट्राली लेकर करीब 70 किसान खरीद केंद्र पर पहुंच गए। जिससे वहां हंगामा हो गया। जिसके बाद केंद्र प्रभारी को पुलिस बुलानी पड़ी। इस दौरान काफी देर तक किसानों की वहां मौजूद डिप्टी आरएमओ कौशल देव व एसएमआई दीपक वर्मा से नोकझोंक भी हुई। लेकिन बाद में आने वाले दिनों में क्रमवार गेहूं लिए जाने के आश्वासन के बाद किसान शांत हुए। खरीद प्रभारी दीपक वर्मा का कहना है कि अब प्रत्येक किसान का अधिकतम 50 कुंतल व एक दिन में 300 कुंतल गेंहू खरीद किया जाएगा।

