नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि ‘शायद फिल्म महाभारत के बाद मेरे पास करने के लिए कुछ न बचे।’ इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गईं कि आमिर खान अब एक्टिंग से संन्यास लेने की तैयारी में हैं। हालांकि, इन अटकलों पर अब खुद आमिर खान ने प्रतिक्रिया दी है।
कुछ भी बोलें, गलत मतलब निकल आता है
आमिर खान ने बातचीत के दौरान कहा कि एक्टिंग से पीछे हटने का उनका कोई प्लान नहीं है। आमिर खान ने कहा ‘महाभारत हमारी आखिरी फिल्म नहीं होगी। अभी मामला ऐसा है कि हम कुछ भी बोलें, उसका गलत मतलब निकल आता है। मुझसे पूछा गया कि आप कोई ऐसी फिल्म करो जिसको करने के बाद आपका काम करने का मन न हो। तो वह फिल्म कौन सी होगी?’
जवाब को ठीक से सुना कीजिए
इसके बाद आमिर ने कहा ‘मटेरियलवाइज मुझे एक ही चीज नजर आती है कि जो फिल्म करने के बाद शायद मेरे मन में ये ख्याल उठे कि बस हो गया। मैंने उसका जवाब इस तरह दिया था। लोगों को लगा कि महाभारत मेरी आखिरी फिल्म होगी। जवाब को ठीक से सुना कीजिए।’
आमिर खान क्या बोले थे?
बता दें कि आमिर खान ने हाल ही में राज शमनी के साथ अपने ड्रीम प्रोजेक्ट महाभारत के बारे में बात की थी। इसके बाद उनके संन्यास लेने की अफवाहें उड़ने लगीं। आमिर ने तब कहा था ‘यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है कि मैं महाभारत बनाऊं, मैं इस पर ‘सितारे जमीन पर’ की रिलीज के बाद काम करना शुरू कर दूंगा। मुझे लगता है कि यह ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसको करने के बाद मुझे ये लगेगा कि अब मैं इससे अच्छा नहीं कर पाउंगा। यह फिल्म भव्य होगी।’ इसके बाद आमिर के संन्यास की खबरें सुर्खियों में आईं।
आमिर खान की अगली फिल्म
फिलहाल आमिर अपनी अपकमिंग फिल्म सितारे जमीन पर की रिलीज के लिए तैयार हैं। फिल्म में वह एक बास्केटबॉल कोच की भूमिका निभाने वाले हैं। वह दिव्यांग बच्चों को खेल सिखाते नजर आएंगे। आरएस प्रसन्ना द्वारा निर्देशित यह फिल्म स्पैनिश फिल्म चैंपियंस की रीमेक है। फिल्म में जेनेलिया देशमुख भी हैं।

