- कलक्ट्रेट में पहुंचकर डीएम के नाम के सौंपा, मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: अखिल भारतीय यादव महासभा के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बागपत सीओ, कोतवाल व महिला थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने के लिए डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही कार्रवाई नहीें होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
अखिल भारतीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह यादव व महिला सभा की अध्यक्ष डा. सीमा यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी कलक्ट्रेट में पहुंचे। उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान कोतवाली पुलिस ने उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करके उत्पीड़न किया।
जब एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गयी तो महिला थाना प्रभारी, कोतवाली प्रभारी व सीओ ने महिला सभा जिलाध्यक्ष डा. सीमा यादव को जबरन उठाकर ले गए और कई धारा में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया। इतना ही नहीं रात्रि में उसके साथ अभद्र व्यवहार तक किया गया।
आरोप है कि सीओ ओमपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी महिपाल सिंह व महिला थानाध्यक्ष नेहा चौहान ने डराया धमकाया और धमकी दी कि यदि कोर्ट में उनके खिलाफ ब्यान दिया तो उसके साथ माया त्यागी जैसी घटना हो सकती है, जिससे वह काफी डर गयी थी।
इससे यादव समाज में काफी आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने डीएम के नाम कलक्ट्रेट में ज्ञापन देकर मामले की जांच कराकर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर यादव समाज द्वारा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर महेन्द्र, राजेन्द्र, बाबू व प्रदीप आदि मौजूद रहे।

