- एसपी सिटी ने मंडावली पहुंच कर घटना का लिया संज्ञान, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: थाना मंडावली के गांव प्रेमपुरी में एक युवक द्वारा मंदबुद्धि व विकलांग युवती के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म करने की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी ने मंडावली पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।पीड़ित की माता की दी गई तहरीर पर थाना मंडावली पुलिस ने आरोपी मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी मोहित का चालान कर दिया।
गांव प्रेमपुरी में गुरुवार की शाम लगभग चार बजे मोहित उर्फ़ मोनू उम्र 24 वर्ष पुत्र हरि सिंह निवासी प्रेमपुरी ने एक मंदबुद्धि व विकलांग युवती को घर में अकेला देख उसके ही घर में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया ,पीड़िता का भाई अचानक आ जाने से आरोपी बौखला गया और धक्का मुक्की करता हुआ फरार हो गया।
युवती के भाई ने खेत में काम कर रही अपनी मां को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद गांव में सनसनी मच गयी। सूचना पर थाना मंडावली पुलिस ने आरोपी को काफी तलाशा लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। बताया जाता है देर शाम आरोपी को मंडावली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । एसओ हिमांशु चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसका चालान कर दिया गया है।

