- आरोपी का पिता हुआ फरार, अवैध शराब बरामद
जनवाणी संवाददाता |
चरथावल: क्षेत्र के ग्राम दहचन्द में रंगेहाथ शराब की भट्टी चलाते एक युवक को गिरफ्तार किया है।जबकि युवक का पिता मौके से फरार हो गया पुलिस ने मौके से अवैध शराब, भारी मात्रा में लहन बरामद करने के साथ साथ शराब बनाने के उपकरण बरामद किए है।पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया है।
मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जीरो ड्रग्स अभियान के अंतर्गत चरथावल पुलिस को अवैध शराब की भट्टी का भंडाफोड़ करने में सफलता हाथ लगी है। दरअसल चरथावल थाना प्रभारी एमपी सिंह को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गांव दहचन्द में एक घर में अवैध शराब की भट्टी चलाकर कच्ची शराब तैयार की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी एमपी सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए कूटेसरा चौकी इंचार्ज ओमेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ मिलकर उक्त घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कच्ची शराब निकालते हुए अमित पुत्र सूरजपाल निवासी दहचन्द को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा आरोपी सूरज पाल पुत्र कबूल सिंह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में लहन व खाम सहित शराब बनाने के उपकरण बरामद किये है। वही पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार कच्ची शराब भी बरामद की है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए अभियुक्त पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। जबकि फरार हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।

