जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: न्यायालय के आदेश पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद पर हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बाद रविवार को मलबा हटाने के दौरान जमीन के नीचे कुआं मिला। कुएं की गहराई करीब 20 से 25 फीट आंकी गई है। कुएं के ऊपर मौजूद भारी स्लैब को पोकलैंड भी नहीं तोड़ सकी, जिसके बाद उसे कटर से काटकर हटाया गया।
एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मस्जिद के नीचे से कुआं मिला है। इसकी वास्तविक उम्र और अन्य तथ्यों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि कुएं की जांच एएसआई टीम के माध्यम से कराई जाएगी, जिसके बाद ही इसकी पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। कुआं मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन की निगरानी में आगे की कार्रवाई जारी है।

