01– दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है हिंदी का वर्चस्व। विश्व में तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा हुई हिंदी।
दुनिया में हिंदी भाषा का वर्चस्व तेजी से बढ़ रहा है। सन 1900 से 2021 के दौरान यानी 121 साल में हिंदी के बढ़ने की रफ्तार 175.52 फीसदी रही। अंग्रेजी और मंदारिन के बाद हिंदी दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है।

02– बिहार में फिर साथ आने वाले हैं नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर। एक-दूसरे पर हमलों के बीच शुरू हुई चर्चा?
बिहार की सियासत में एक बार फिर से हलचल शुरू हो गई है। इस बार भी केंद्र बिंदु में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। सियासी गलियारे में चर्चा है कि एक बार फिर से नीतीश कुमार और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर एक साथ आ सकते हैं।

03– गोवा में कांग्रेस पार्टी का सूपड़ा साफ। पूर्व सीएम समेत आठ विधायक भाजपा में शामिल।
गोवा में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और नेता प्रतिपक्ष माइकल लोबो समेत कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने आज ही कांग्रेस विधायक दल की बैठक कर भाजपा में विलय कर लिया।

04– सपा नेता आजम खां को आई हार्ट की समस्या। दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में कराया भर्ती।
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में रूटीन चेकअप में ब्लॉकेज का पता चलने पर एंजियोप्लास्टी हुई है और एक स्टंट डाला गया है। उनकी पत्नी डॉ. तज़ीन फात्मा ने बताया कि अब तबीयत बेहतर है और डॉक्टर्स की निगरानी में हैं।

05– भारत दौरे से पहले मुश्किल में ऑस्ट्रेलियाई टीम। स्टार्क-स्टोइनिस सहित चार अहम खिलाड़ी टीम से हुए बाहर।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। पहले सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को आराम दिया गया था। इसके बाद ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और अब तेज गेंदजबाज मिशेल स्टार्क, ऑलराउंडर मिशेल मार्श भी टीम से बाहर हो चुके हैं।

06– सोनिया गांधी ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप। बोलीं, चुनावी फायदे के लिए ध्रुवीकरण कर रही मोदी सरकार।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि चुनावी फायदे के लिए मोदी सरकार मतदाताओं का ध्रुवीकरण कर रही है और सामाजिक समरसता जानबूझकर भंग की जा रही है।

07– 700 करोड़ के भारी-भरकम बजट में तैयार होगी ‘महाभारत’। अक्षय कुमार से रणवीर सिंह तक आएंगे नजर!।
एक्शन, ड्रामा, रोमांस और थ्रिल के बाद अब बॉलीवुड पौराणिक कहानियों की ओर रुख कर रहा है। आखिरकार ‘महाभारत’ पर फिल्म बनने जा रही है। अब डायरेक्टर फिरोज नाडियाडवाला इस पर फिल्म बनाने जा रहे हैं।

08– जम्मू संभाग के पुंछ में खाई में गिरी मिनी बस। तीन बच्चों समेत 12 की मौत, राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुख।
जम्मू संभाग के पुंछ जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मंडी तहसील में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास सावजियां में मिनी बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 12 लोग मारे गए हैं, जबकि 22 लोग घायल हैं। सेना और पुलिस ने बचाव अभियान चलाया है।

09– होटल के बाथरूम में मिला युवती का अर्धनग्न शव। प्रेमी और दोस्त के साथ दो अलग-अलग कमरों में ठहरी थी युवती।
लखनऊ के कैसरबाग के एक होटल जस्ट 9इन में ठहरी 26 साल की युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका अर्धनग्न शव कमरे के बाथरूम में हैंगर के सहारे गमछे के फंदे से लटका मिला। आशंका है कि युवती की हत्या की गई है। होटल संचालक ने मुकदमा दर्ज कराया है।

10– दिल्ली में फ्री बिजली पर केजरीवाल का नया नियम। आज से अप्लाई किए बिना नहीं मिलेगी सब्सिडी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि अब उन्हीं लोगों को बिजली की सब्सिडी मिलेगी, जो इसके लिए आवेदन करेंगे। आज से ही आवेदन शुरू हो जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग फ्री बिजली नहीं लेना चाहते हैं। इसलिए अब उन्हीं लोगों को बिजली की सब्सिडी मिलेगी जो आवेदन करेंगे।

11– भर जाएगी केंद्रीय कर्मियों और पेंशनर्स की जेब!। मोदी कैबिनेट की बैठक में शामिल हुई फाइल।
केंद्र सरकार के कर्मियों और पेंशनरों को पहली जुलाई से महंगाई भत्ता ‘डीए’ व महंगाई राहत ‘डीआर’ मिलने की राह प्रशस्त हो गई है। मोदी कैबिनेट की बैठक के एजेंडे वाली फाइल पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, अब उस फाइल पर कैबिनेट की मुहर लगना बाकी है।

12– राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर लगाए गंभी आरोप। बोले, चीन को सौंपी जमीन सरकार बताए कब वापस लेगी।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने चीन को बगैर जंग लड़े 1000 वर्ग किलोमीटर जमीन सौंप दी है। उन्होंने सरकार से पूछा कि वह बताए कि यह जमीन कब वापस ली जाएगी?

13– टेक ऑफ से ठीक से पहले धुएं से भर गई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट। हादसे के वक्त 141 और 6 क्रू मेंबर थे सवार।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की मस्कट से कोचीन तक की फ्लाइट में धुआं दिखने के बाद विमान को रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट मस्कट से कोचीन के लिए उड़ान भरने वाली थी। तभी फ्लाइट में धुआं दिखा, इसके बाद टेक ऑफ रद्द कर दिया गया।

14– विराट कोहली को रैंकिंग में मिला 14 पायदान की बम्पर फायदा। भुवनेश्वर कुमार और वानिंदु हसारंगा ने भी लगाई छलांग।
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 71वां शतक जमाया है। इसका कोहली को आईसीसी की टी20 रैंकिंग में बम्पर फायदा मिला है। भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और वानिंदु हसारंगा को भी फायदा मिला है।

15– कांग्रेस ने की भारत जोड़ो यात्रा के आठवें दिन की शुरुआत। राहुल गांधी ने श्री नारायण गुरु को दी श्रद्धांजलि।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के आठवें दिन की शुरुआत तिरुवनंतपुरम से की। यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने प्रख्यात समाज सुधारक श्री नारायण गुरु को श्रद्धांजलि दी।

16– ईको गार्डेन में सपा विधायक व कार्यकताओं का धरना समाप्त। लखनऊ पार्टी कार्यालय पर वापस लौटे सपा नेता।
समाजवादी पार्टी ने लखनऊ के ईको गार्डेन में चल रहा धरना समाप्त कर दिया है। सपा विधायक व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर ईको गार्डेन लाया गया था। ये सभी सपा कार्यालय से निकलकर विधानभवन में प्रदर्शन करने जा रहे थे। धरना करने वालों में कुछ विधायक और पूर्व एमएलसी शामिल थे। सभी पार्टी कार्यालय वापस लौट आए हैं।

17– मेरठ में दिनदहाड़े हत्या से दहला नौचंदी इलाका। घर में घुसकर युवक पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां।
मेरठ में बुधवार सुबह नौचंदी थानाक्षेत्र में बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि यहां सेक्टर 13 में पीर वाली गली में घर में घुसकर एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच पड़ताल में जुट गई।

18– बदमाशों को बागपत पुलिस का खौफ नहीं। खेत में गए युवक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती।
बागपत जिले में कोतवाली क्षेत्र के टयोढ़ी गांव में बुधवार सुबह को पशुओं के लिए चारा लेने गए युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है।

19– रैपिड रेल निर्माण कार्य के दौरान पाटा उठाते वक्त क्रेन टूटी। ऑपरेटर हुआ मामूली रूप से घायल।
मेरठ के पल्लवपुरम फेस वन सर्विस रोड के पास मेट्रो रेल निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को पाटा उठाने के दौरान क्रेन टूट गई। क्रेन के पलटने से ऑपरेटर मामूली रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई वाहन चालक नहीं गुजर रहा था।

20– आज शामली पहुंचे यूपी के मत्स्य राज्यमंत्री संजय कुमार निषाद। निषाद पार्टी के मंडलीय सम्मलेन में गरजे संजय।
शामली में आज निषाद पार्टी के मंडलीय सम्मलेन में यूपी के मत्स्य राज्यमंत्री संजय कुमार निषाद पहुंचे। उन्होंने सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए कहा कि ओबीसी की 17 जातियों के आरक्षण को पिछली सरकारों ने बहुत पेचीदा बना दिया है। उन्होंने सपा को जमकर कोसा।

