01.. ममता बनर्जी के खास मंत्री पार्थ चटर्जी को आज ईडी ने किया गिरफ्तार। छापे में करीब 20 करोड़ रुपये मिलने का हुआ था दावा।
प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को पश्चिम बंगाल सरकार में ममता बनर्जी के खास मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि उन्हें शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में अरेस्ट किया गया है। मालूम हो कि एक दिन पहले ही उनकी करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के घर पर भी ईडी की रेड पड़ी थी। इस छापे में करीब 20 करोड़ रुपये मिलने का दावा हुआ था।

02.. ममता बनर्जी के करीबी मंत्री की गिरफ्तारी पर मचा हड़कंप, टीएमसी नाराज। बोले, बिमान बनर्जी, सांसद विधायक की ऐसे गिरफ्तारी नहीं कर सकतीं एजेंसियां।
बंगाल विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय को विधानसभा के किसी सदस्य को गिरफ्तार करने से पहले अध्यक्ष को इसके बारे में सूचित करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘ईडी या सीबीआई को किसी भी सांसद या विधायक को गिरफ्तार करते समय लोकसभा या विधानसभा के अध्यक्ष को सूचित करना होता है।

03.. ईडी की पूछताछ में अर्पिता मुखर्जी ने किया बड़ा खुलासा। ममता बनर्जी के मंत्री की बढ़ीं मुश्किलें।
प्रवर्तन निदेशालय ने वेस्ट बंगाल में कथित शिक्षक घोटाला मामले में ममता बनर्जी के मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। ईडी के सूत्रों के हवाले से पता चला है कि अर्पिता ने छापेमारी में बरामद पैसों के बारे में खुलासा करते हुए अधिकारियों को बताया कि रिश्वत की रकम नीचे से लेकर ऊपर तक जाती थी। फिलहाल पूछताछ जारी है।

04.. श्रीलंका में 60 लाख नागरिकों पर भोजन का गहराया संकट। विश्व खाद्य कार्यक्रम ने की 500 करोड़ रुपये की सहायता की मांग।
श्रीलंका में आर्थिक संकट से हाहाकार मचा हुआ है। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि लोगों के खाने पर आफत आ गई है। विश्व खाद्य कार्यक्रम ने कहा है कि 60 लाख से अधिक लोगों पर खाने का संकट मंडरा रहा है। फिलहाल 30 लाख लोगों की भूख मिटाने के लिए 500 करोड़ रुपये की जरूरत है।

05.. शिवपाल यादव और ओपी राजभर को अखिलेश यादव की दो टूक। कहा- जहां ज्यादा मिले सम्मान, आप वहां जाने के लिए हो आजाद।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक पत्र जारी कर चाचा शिवपाल सिंह यादव व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि आपको जहां ज्यादा सम्मान मिलता है। आप वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं। सपा की तरफ से यह संदेश पत्र जारी कर दिया गया है।

06.. सपा मुखिया अखिलेश यादव की चिट्ठी के बाद ओपी राजभर ने की मीडिया से बात। बोले, अखिलेश यादव के तलाक को मैं स्वीकार करता हूं।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं उनको सुझाव देता रहा लेकिन उनको मेरी यही बात बुरी लगी। उनको सुर में सुर मिलाकर बात करने वाला नेता चाहिए। राजभर ने कहा कि मैंने दलितों-पिछड़ों की हिस्सेदारी मांगी लेकिन उन्होंने कभी गंभीरता से नहीं लिया। मैंने आजमगढ़ के लिए कई नाम सुझाए लेकिन उनको सिर्फ यादव, मुसलमान उम्मीदवार ही चाहिए था। राजभर ने कहा कि अभी तो दो ही लेटर जारी हुए हैं, 2024 का चुनाव आने दो फिर देखना कितने लेटर जारी होंगे।

07.. नीट पीजी काउंसलिंग की तारीख जारी। एक सितंबर से शुरू होगी मेडिकल दाखिला प्रक्रिया।
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड की ओर से नीट पीजी 2022 का रिजल्ट जारी किए जाने के बाद ही से उम्मीदवार बेसब्री के साथ नीट पीजी काउंसलिंग की तारीख का ऐलान होने का इंतजार कर रहे थे। शनिवार को बताया गया कि स्नातकोत्तर मेडिकल दाखिलों के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा की काउंसलिंग एक सितंबर से शुरू होगी।

08.. मीडिया चला रहा ‘मनमानी अदालत’। चीफ जस्टिस बोले- प्रिंट की तुलना में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जवाबदेह नहीं।
चीफ जस्टिस एनवी रमण शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे। यहां एक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने मीडिया को आड़े हाथों लिया। हम देख रहे हैं कि मीडिया मनमानी अदालतें चला रहे हैं। उन्होंने कहा, कई न्यायिक मुद्दों पर गलत सूचना और एजेंडा चलाना लोकतंत्र के लिए हानिकारक साबित हो रहा है।

09.. देवेंद्र फडणवीस के फोन टैपिंग मामले की होगी सीबीआई जांच। एकनाथ शिंदे सरकार ने सीबीआई जांच के लिए की संस्तुति।
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य पुलिस को दो मामलों की सीबीआई जांच को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। जिनमें एक कथित फोन टैपिंग का मामला भी शामिल है। जिसमें भाजपा देवेंद्र फडणवीस का बयान पहले दर्ज किया गया था। बता दें कि आपीएस रश्मि शुक्ला पर 2019 में राज्य के खुफिया विभाग के प्रमुख के रूप में राजनेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के फोन को अवैध रूप से टैप करने का आरोप है।

10.. स्मृति ईरानी ने अपनी बेटी पर लगे आरोपों पर कांग्रेर पर किया पलटवार। बोलीं, मैंने सोनिया-राहुल के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की, यही मेरी बेटी का दोष है।
गोवा में अवैध बार के संचालन में कथित रूप से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस ने उन पर सीधे हमला बोला है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने पलटवार किया। स्मृति ईरानी मामले में कांग्रेस नेता और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष को नोटिस भेजने की तैयारी कर रही हैं।

11.. यूपी में नए बिजली टैरिफ की दरें घोषित। सात रुपये प्रति यूनिट का स्लैब खत्म।
उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2022-23 के लिए बिजली की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है साथ ही सात रुपये प्रति यूनिट का स्लैब समाप्त कर दिया गया है। अब 300 यूनिट से ज्यादा उपभोग होने पर 6.5 रुपये प्रति यूनिट की दर से ही बिल देना होगा। जबकि, ग्रामीण घरेलू बीपीएल परिवारों को 100 यूनिट तक तीन रुपये में बिजली दी जाएगी।

12.. मेरठ में कांवड़ियों ने जाम किया एनएच-58 हाईवे। कांवड़ का अपमान करने का आरोप, पुलिस चौकी में की गई तोड़फोड़।
मेरठ में शनिवार को कांवड़ियों ने दिल्ली देहरदून हाईवे पर जाम लगाते हुए कांवड़ खंडित करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं कांवड़ यात्रा के बीच हंगामे की सूचना पर जिले आला अधिकारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाया। हालांकि कांवड़िए अभी हाईवे पर एक तरफ धरना देकर बैठे हैं। कांवड़ियों ने आराेपी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

13.. दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया के घर के बाहर भाजपा का प्रदर्शन। आदेश गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता और रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में भाजपा की दिल्ली इकाई ने नई आबकारी नीति के खिलाफ नई दिल्ली मथुरा रोड स्थित उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान बैरिकेड तोड़ने के कारण पुलिस ने आदेश गुप्ता सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

14.. अब केंद्र सरकार के ई-मार्केटप्लेस से ही करनी होगी खरीददारी। उत्तराखंड सरकार ने सभी विभागों व संस्थाओं को अनिवार्य रूप से खरीददारी करने को कहा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वित्त विभाग ने जेम से सरकारी खरीद को अनिवार्य कर दिया है। सचिव (वित्त) सौजन्या ने इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत राज्य के सभी सरकारी विभागों, सार्वजनिक उद्यमों व निगम, स्थानीय निकाय, स्वायत्तशासी संस्थाओं में अधिक से अधिक सामग्री व सेवाओं के खरीदारी में ई-मार्केट प्लेस (जेम) पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।

15.. गंगोत्री हाईवे पर पलटा 15 कांवड़ियों से भरा ट्रक। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने सुरक्षित निकाला।
उत्तराखंड में शनिवार को गंगोत्री हाईवे पर 15 कांवड़ियों से भरा ट्रक जांगला पुल के पास अचानक हादसे का शिकार हो गया। इनमें से चार कांवड़ियों को सामान्य चोटें आई हैं। तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए कांवड़ियों को आर्मी हॉस्पिटल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्षिल भेजा गया। अन्य कांवड़ियों की स्थिति सामान्य है। पुलिस द्वारा अब कांवड़ियों के लिए वाहन की व्यवस्था की जा रही है।

16.. मुजफ्फरनगर में किसान के खेत से मिला अंग्रेजों की तोप का विशाल गोला। मौके पर जमा हुए सैकड़ों ग्रामीण, पुलिस ने लिया कब्जे में।
मुजफ्फरनगर में शनिवार को हरिनगर क्षेत्र में जमीन से मिला विशाल तोप का गोला कौतुहल का विषय बन गया। यहां पुरकाजी थानाक्षेत्र में गांव हरिनगर में खेत से मिट्टी उठाने के दौरान अंग्रेजी शासन की तोप का गोला मिला है। पुलिस ने तोप के गोले को अपने कब्जे में ले लिया है। बता दें इससे पहले भी जिले में तोप का गोला मिल चुका है।

17.. मेरठ जिले के मवाना में फूड प्वाइजनिंग के कारण सात की हालत बिगड़ी। अस्पताल में कराया गया भर्ती।
उत्तर प्रदेश के मवाना थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह एक ही परिवार के सात सदस्यों की फूड प्वाइजनिंग के कारण हालत खराब हो गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव हुमायूंपुर में शनिवार को सुबह ही फूड प्वाइजनिंग के चलते एक परिवार के सात सदस्यों की अचानक हालत खराब हो गई। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।

18.. लुलु मॉल में बिना अनुमति नमाज पढ़ने वाला एक और अभियुक्त गिरफ्तार। अब तक पांच लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी।
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने शनिवार को लुलु मॉल में बिना अनुमति नमाज पढ़ने वाले एक अन्य आरोपी सहादतगंज निवासी मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित कर युवक को गिरफ्तार किया गया।

19.. आज राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को संसद में दी गई विदाई। कोविंद ने किया भावुक संबोधन।
निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को संसद की ओर से विदाई दी गई। राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों के द्वारा संयुक्त रूप से विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, पीएम मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत सभी वरिष्ठ संसद में मौजूद हैं।

20.. अर्पिता मुखर्जी के बाद मोनालिसा दास के घर पर रेड मारने की तैयारी में ईडी। सूत्रों ने दी खबर, खास अहम सबूतों के दम पर की जाएगी कार्रवाई।
वेस्ट बंगाल के चर्चित शिक्षा भर्ती घोटाले को जांच की आंच राज्य सरकार तक पहुंच गई है। इस मामले में ईडी ने पहले पार्थ चटर्जी फिर उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर पर छापेमारी की जहां से 20 करोड़ रुपये बरामद किए। वहीं अब ईडी पार्थ चटर्जी की एक और करीबी मोनालीसा दास के घर पर रेड मारने की तैयारी में है। मोनालीसा दास को मंत्री का एक और करीबी और सहयोगी बताया जा रहा है।


